गुरु-चेला परंपरा के विवाद में किन्नर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
सकरी पुलिस ने कुछ घंटों में सुलझाया मामला, मोबाइल और अन्य सामान बरामद
बिलासपुर, 21 जुलाई। सकरी थाना क्षेत्र में किन्नर समुदाय से जुड़ी एक हत्या की गुत्थी पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझाते हुए आरोपी रिया उर्फ राकेश (किन्नर) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात स्वीकार की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन, चप्पल और अन्य सामान बरामद किया गया।
गुरु-चेला परंपरा को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, दिल्ली से आए वर्षा जान, तन्नू खान और मीरा उर्फ आशीष आपस में गुरु भाई थे। 20 जुलाई को सभी जोकी स्थित मीरा के घर पहुंचे, जहां शराब और भोजन के दौरान गुरु-चेला परंपरा तथा आर्थिक योगदान को लेकर विवाद शुरू हो गया। प्रारंभिक समझाइश के बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ।
देर रात गला दबाकर हत्या का आरोप
पुलिस के मुताबिक, इसके बाद तन्नू खान और रिया उर्फ राकेश पैदल तालापारा की ओर निकल गए। देर रात एनएच-130 स्थित दलदलिहापारा बस स्टॉप के पास दोनों के बीच फिर विवाद हुआ, जहां आरोपी ने कथित रूप से तन्नू खान का गला दबाकर हत्या कर दी।
जांच में आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामला दर्ज होने के बाद सकरी पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जांच शुरू की। पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों और घटनास्थल से मिले तथ्यों के आधार पर संदेह आरोपी तक पहुंचा। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने के बाद उसकी निशानदेही पर मृतका का मोबाइल, चप्पल, चार्जर सहित अन्य सामग्री जब्त की गई।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रिया उर्फ राकेश (24), निवासी सेमरचुवा बरेला, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली (वर्तमान निवास जोकी ओवरब्रिज, थाना सकरी, बिलासपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
मामले की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझा ली गई है। हालांकि मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।



