कोतरलिया मेन रोड पर राहगीर से की थी झपटमारी, तकनीकी साक्ष्यों से दोनों आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, 23 जुलाई। कोतरलिया मेन रोड पर राहगीर से मोबाइल झपटकर फरार हुए चाचा-भतीजे को चक्रधरनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया वीवो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
स्कूटी खराब होने का उठाया था फायदा
पुलिस के मुताबिक, वार्ड क्रमांक-22 पक्की खोली निवासी लोकेश कुमार चंद्रा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 मई की सुबह वह कोटमार स्थित इण्डस एनर्जी कंपनी ड्यूटी के लिए जा रहे थे। डीपीएस स्कूल के पास उनकी स्कूटी खराब हो गई, जिसके बाद वे सड़क किनारे खड़े होकर मिस्त्री का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पहुंचे और उनके पास रखे दो मोबाइल फोन झपटकर धक्का देते हुए फरार हो गए।
तकनीकी साक्ष्यों से पहुंचे आरोपियों तक
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने साइबर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। पूछताछ में छातामुड़ा निवासी दिनेश यादव (34) ने अपने भतीजे शुभम यादव (18) के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
एक मोबाइल मिला, दूसरा मिला क्षतिग्रस्त
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना के बाद भागते समय एक सैमसंग मोबाइल सड़क पर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसे बाद में जामगांव रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया गया। वहीं दूसरा वीवो मोबाइल दिनेश यादव ने अपने पास छिपाकर रखा था। पुलिस ने वीवो मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में की गई। मामले के खुलासे में प्रधान आरक्षक संजय तिवारी, दिलीप भानु तथा आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



