सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवती को किया ब्लैकमेल, बिहार से गिरफ्तार हुआ आरोपी

निजी फोटो-वीडियो के जरिए करता था धमकी, APK फाइल से मोबाइल का एक्सेस लेकर 13 हजार रुपये भी वसूले

रायगढ़, 23 जुलाई। रायगढ़ साइबर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से युवती को प्रेमजाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने युवती से निजी फोटो और वीडियो हासिल करने के बाद APK फाइल के जरिए उसके मोबाइल का एक्सेस प्राप्त कर लिया था। इसके बाद वह लगातार ब्लैकमेल कर 13 हजार रुपये वसूलने के साथ बदनाम करने की धमकी दे रहा था। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इंस्टाग्राम से हुई पहचान, फिर शुरू हुआ ब्लैकमेल

पुलिस के अनुसार, लैलूंगा थाना क्षेत्र की 23 वर्षीय युवती ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई कि करीब छह वर्ष पहले इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान बिहार निवासी अविनाश उर्फ राजा से हुई थी। बातचीत बढ़ने पर आरोपी ने विश्वास जीतकर युवती से निजी फोटो और वीडियो मंगवाए। बाद में उसने एक APK फाइल भेजकर डाउनलोड करने और उसका एक्सेस कोड साझा करने के लिए कहा।

मोबाइल का एक्सेस मिलते ही बढ़ाने लगा दबाव

APK फाइल के जरिए आरोपी ने युवती के मोबाइल का एक्सेस हासिल कर उसकी निजी जानकारी, फोटो, वीडियो और संपर्क सूची अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद वह सोशल मीडिया और परिजनों को निजी तस्वीरें भेजने की धमकी देकर पैसों की मांग करने लगा। डर के कारण युवती ने आरोपी के खाते में 13 हजार रुपये भेज दिए, लेकिन इसके बाद भी ब्लैकमेलिंग जारी रही।

तकनीकी जांच से बिहार तक पहुंची पुलिस

शिकायत के आधार पर साइबर थाना में भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की गई। डिजिटल साक्ष्यों और आईपी एड्रेस के आधार पर पुलिस टीम बिहार के मुजफ्फरपुर पहुंची और बेला थाना क्षेत्र से आरोपी अविनाश चौधरी (20) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने यूट्यूब से हैकिंग के तरीके सीखकर वारदात को अंजाम दिया।

साइबर सुरक्षा को लेकर पुलिस की अपील

रायगढ़ पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करने, निजी फोटो-वीडियो साझा करने तथा किसी के कहने पर APK फाइल या संदिग्ध लिंक डाउनलोड करने से बचने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन ब्लैकमेल कर पैसे मांगता है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या cybercrime.gov.in पर शिकायत करें और निकटतम साइबर थाना से संपर्क करें।

पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, डीएसपी साइबर उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन तथा साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक एवं उनकी टीम ने की।

Back to top button