रायगढ़ : दो दिवसीय प्रवास पर आज पहुंचेंगे राज्यपाल रमेन डेका
जिला एवं विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठक में होंगे शामिल, कल ओपी जिंदल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में करेंगे शिरकत
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका शुक्रवार को दो दिवसीय प्रवास पर रायगढ़ पहुंचेंगे। प्रवास के दौरान वे जिला एवं विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठक में शामिल होकर विभिन्न विकास कार्यों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसके बाद वे रायगढ़ में रात्रि विश्राम करेंगे।
कलेक्टोरेट में होगी समीक्षा बैठक
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल सुबह 9:30 बजे रायपुर स्थित लोक भवन से सड़क मार्ग द्वारा रवाना होंगे। रायगढ़ पहुंचने के बाद अपराह्न 4 बजे कलेक्टोरेट परिसर के सृजन कक्ष में आयोजित जिला एवं विकासखंड स्तरीय चर्चा बैठक में भाग लेंगे। बैठक के बाद वे पतरापाली स्थित जिंदल स्टील गेस्ट हाउस के लिए रवाना होंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम निर्धारित है।
कल ओपी जिंदल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में रहेंगे मुख्य अतिथि
राज्यपाल रमेन डेका एक अगस्त को सुबह 11 बजे ओपी जिंदल विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। यहां वे विश्वविद्यालय के छठवें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह में वे स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान करेंगे और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देंगे। कार्यक्रम के बाद वे सड़क मार्ग से रायपुर के लिए रवाना होंगे।


