CGPSC SI भर्ती परिणाम में नामों को लेकर विवाद, आयोग ने दी सफाई
रायपुर, 6 अगस्त। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा जारी सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा के प्रारंभिक परिणाम में कुछ अभ्यर्थियों के नामों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर चयन सूची में दर्ज कुछ नामों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, जबकि आयोग ने पूरे मामले में स्पष्टीकरण जारी करते हुए इसे भ्रामक बताया है।
दरअसल, 341 पदों के लिए आयोजित प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त को घोषित किया गया था। परीक्षा में 7,301 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किए गए हैं। परिणाम जारी होने के बाद चयन सूची में “NEWS”, “SPACERANI”, “MANBAS”, “HE RAM”, “BHAKT PRAHLAD” और “TUFAIL” जैसे नाम सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गए।
इस मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया मंच X पर पोस्ट करते हुए तंज कसा। वहीं कांग्रेस ने भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि विवादित नामों को लेकर संदेह की स्थिति बनी है, इसलिए मामले की पारदर्शी जांच होनी चाहिए।

हालांकि, CGPSC ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्पष्ट किया कि चयन सूची में दर्ज सभी नाम अभ्यर्थियों द्वारा ऑनलाइन आवेदन भरते समय स्वयं दर्ज किए गए थे। आयोग ने बताया कि इन्हीं नामों के आधार पर प्रवेश पत्र जारी किए गए और अभ्यर्थियों ने दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक परीक्षा तथा प्रारंभिक परीक्षा में हिस्सा लिया।
आयोग ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही भ्रामक जानकारियों से बचने की अपील करते हुए कहा कि अभ्यर्थी केवल CGPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
आयोग के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के तहत मुख्य परीक्षा का आयोजन 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है। मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।



