रायगढ़ SSP शशि मोहन सिंह को राष्ट्रपति पुलिस पदक, मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

रायगढ़, 16 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायगढ़ पुलिस के लिए गौरव का क्षण रहा। रायपुर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया।

वर्ष 2026 के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस के 11 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नाम राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए घोषित किए गए थे। इनमें शशि मोहन सिंह का नाम सराहनीय सेवा पदक के लिए शामिल था। यह सम्मान उनके लंबे सेवाकाल, कर्तव्यनिष्ठा, नेतृत्व क्षमता और पुलिस सेवा में योगदान के लिए प्रदान किया गया।

1997 में शुरू हुआ पुलिस सेवा का सफर

शशि मोहन सिंह ने वर्ष 1997 में राज्य पुलिस सेवा में चयन के बाद अपने पुलिस सेवाकाल की शुरुआत की। उन्होंने मध्यप्रदेश के होशंगाबाद, इटारसी और भोपाल सहित विभिन्न स्थानों पर सेवाएं दीं। छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद भी उन्होंने प्रदेश के अलग-अलग जिलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं।

वर्ष 2012 बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी के रूप में उन्होंने मैदानी क्षेत्रों के साथ चुनौतीपूर्ण नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी पुलिसिंग की जिम्मेदारी निभाई। कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, आंतरिक सुरक्षा और जनसेवा के क्षेत्र में उनके कार्यों को उनके लंबे पुलिस अनुभव का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है।

अभिनय, कविता और लेखन में भी रुचि

पुलिस सेवा के अलावा शशि मोहन सिंह की रुचि रचनात्मक गतिविधियों में भी रही है। वे अभिनय, कविता और लेखन से भी जुड़े रहे हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से पुलिस और समाज के बीच संवाद तथा संवेदनशील पुलिसिंग को बढ़ावा देने का प्रयास करते रहे हैं।

रायगढ़ पुलिस परिवार में खुशी

स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय समारोह में राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित होने के बाद रायगढ़ पुलिस परिवार में खुशी का माहौल है। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने शशि मोहन सिंह को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।

यह सम्मान उनके लंबे सेवाकाल में निभाई गई जिम्मेदारियों, नेतृत्व और कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता की पहचान के रूप में देखा जा रहा है।

Back to top button