प्रयागराज साप्ताहिक ट्रेन का रायगढ़ में स्वागत, ट्रेड यूनियन काउंसिल ने यात्रियों और लोको पायलटों को बांटी मिठाई
रायगढ़। विशाखापट्टनम से प्रयागराज के बीच शुरू की गई साप्ताहिक ट्रेन के रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचने पर ट्रेड यूनियन काउंसिल की ओर से उत्साह के साथ स्वागत किया गया। काउंसिल के पदाधिकारियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ ट्रेन का स्वागत किया। प्रयागराज जाने वाले यात्रियों और ट्रेन के लोको पायलटों का माला पहनाकर अभिनंदन किया गया तथा यात्रियों को मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की गई। ट्रेन को फूलों से भी सजाया गया।
इस अवसर पर ट्रेड यूनियन काउंसिल के संरक्षक प्रमोद सराफ, अध्यक्ष शेख कलीमुल्लाह, सचिव श्याम जायसवाल सहित विष्णु यादव, मदन पटेल, संजीव सेठी, सुदर्शन उरांव, प्रकाश सिंह, भरत निषाद, श्याम देवकर, रास बिहारी खम्हारी, शांति लाल खोडियार, दीपक सिंह, विनय मोहन ठेठवार, टिल्लो राम, विशाल यादव और राकेश ब्रह्मे सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
11 सूत्रीय मांगों में उठाया था सीधी ट्रेन का मुद्दा
ट्रेड यूनियन काउंसिल के अनुसार, यात्री सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर संगठन लगातार रेलवे प्रशासन के समक्ष मांगें उठाता रहा है। 27 मार्च 2026 को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के रायगढ़ प्रवास के दौरान अध्यक्ष शेख कलीमुल्लाह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा था।
प्रतिनिधिमंडल ने रायगढ़ से विशाखापट्टनम, चेन्नई, वेल्लोर, तिरुपति और बेंगलुरु जैसे दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों के लिए सीधी रेल सुविधा की आवश्यकता बताई थी। साथ ही प्रयागराज के लिए भी रायगढ़ से सीधी ट्रेन चलाने की मांग रखी गई थी।
काउंसिल के पदाधिकारियों के मुताबिक, महाकुंभ के दौरान रायगढ़ क्षेत्र के यात्रियों को प्रयागराज के लिए ट्रेन सुविधा मिली थी। इसके बाद इस सुविधा को नियमित रूप से जारी रखने की मांग रेलवे प्रशासन के सामने रखी गई थी।

शुरू हुई विशाखापट्टनम-प्रयागराज साप्ताहिक ट्रेन
काउंसिल ने बताया कि रेलवे महाप्रबंधक ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को सुनते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसके बाद विशाखापट्टनम-प्रयागराज साप्ताहिक ट्रेन (04160/04159) का परिचालन शुरू हुआ है। ट्रेन के रायगढ़ पहुंचने पर संगठन के पदाधिकारियों ने यात्रियों के साथ इस सुविधा की शुरुआत की खुशी साझा की।
ट्रेड यूनियन काउंसिल के संरक्षक गणेश कछुवाहा और प्रमोद सराफ, अध्यक्ष शेख कलीमुल्लाह तथा सचिव श्याम जायसवाल ने ट्रेन के परिचालन के लिए रेलवे प्रशासन का आभार जताया।
अन्य मांगों पर भी कार्रवाई की उम्मीद
काउंसिल पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि रायगढ़ से नर्मदा एक्सप्रेस के परिचालन, कोरबा के लिए पैसेंजर ट्रेन शुरू करने तथा लंबे समय से लंबित महाराजा चक्रधर सिंह टर्मिनल की स्थापना से संबंधित मांगों पर भी रेलवे प्रशासन जल्द आवश्यक कार्रवाई करेगा।
प्रेस विज्ञप्ति ट्रेड यूनियन काउंसिल के सचिव श्याम जायसवाल द्वारा जारी की गई।











