छत्तीसगढ़ में 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, बिजली गिरने से महिला की मौत; नदी में बहे 3 बच्चों समेत युवक की मौत
रायपुर, 24 अगस्त। छत्तीसगढ़ में मानसून का असर अभी बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। अगले 7 दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
बारिश के बीच प्रदेश के कई इलाकों से हादसों की खबरें भी सामने आई हैं। मुंगेली में आकाशीय बिजली गिरने से 46 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि बिलासपुर में स्कूल से लौट रहे तीन बच्चे घोंघा नदी के तेज बहाव में बह गए। तीनों के शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं बलरामपुर के रामानुजगंज में कन्हर नदी का एनीकट पार करते समय एक युवक बह गया, जिसकी तलाश जारी है।
खेत से लौट रही महिला पर गिरी बिजली
मुंगेली में रविवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने की घटना सामने आई। 46 वर्षीय गीता बाई खेत से काम कर घर लौट रही थीं। पंडरभठ्ठा मेन रोड पर सिर पर बर्तन लेकर पैदल जाते समय अचानक उन पर बिजली गिर गई।
परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
बिलासपुर में नदी के बहाव में बहे 3 बच्चे
बिलासपुर जिले में स्कूल से घर लौट रहे तीन बच्चे घोंघा नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए। हादसे के बाद पुलिस, ग्रामीणों और एसडीआरएफ की टीम ने लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया। तीनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
रामानुजगंज में एनीकट पार करते समय युवक बहा
बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में भी कन्हर नदी का एनीकट पार करने के दौरान एक युवक तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद उसकी तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
रायपुर में तेज बारिश से जलभराव, नाले में फंसे युवक को बचाया
रायपुर में रविवार दोपहर करीब दो घंटे तक तेज बारिश हुई। इसके चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। गायत्री नगर में जगन्नाथ मंदिर के पास नाले में एक युवक फंस गया। स्थानीय लोगों ने रस्सी की मदद से उसे बाहर निकालकर बचाया।
आज रायपुर में बारिश और थंडरस्टॉर्म के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 24 अगस्त को रायपुर में बादल छाए रहने के साथ कुछ दौर में बारिश और गरज-चमक हो सकती है। अधिकतम तापमान करीब 29°C और न्यूनतम तापमान करीब 24°C रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान अंबिकापुर में 32.4°C दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रारोड में 21.6°C रहा।
अगले 7 दिनों तक बारिश से राहत के आसार कम
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश और थंडरस्टॉर्म की स्थिति बन सकती है। अगले सात दिनों में भी अलग-अलग क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
प्रदेश में सामान्य से 8% कम बारिश
1 जून से 22 अगस्त तक छत्तीसगढ़ में औसतन 778 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य बारिश 844.8 मिमी मानी जाती है। इस तरह प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 8% कम बारिश हुई है। हालांकि जिलों के आंकड़ों में काफी अंतर है।
सरगुजा में 42% और बेमेतरा में 41% कम बारिश दर्ज की गई है। कांकेर में 40%, जशपुर में 34%, बस्तर में 27%, कोंडागांव में 23% और सुकमा में 20% बारिश की कमी है।
इसके उलट सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सामान्य से 51% अधिक बारिश हुई है। बलरामपुर में 43%, मुंगेली में 32%, महासमुंद में 23% और बलौदाबाजार में 22% अधिक बारिश दर्ज की गई है।











