मोहला-मानपुर में मार्च के अंधेकत्ल का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग भी अभिरक्षा में
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। थाना मदनवाड़ा क्षेत्र में मार्च 2026 में हुई हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है।
कोहका नदी के पास मिला था शव
5 मार्च 2026 को ग्राम भैंसाराटोला से करीब एक किलोमीटर दूर कोहका नदी के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध हालत में मिला था। सूचना पर मदनवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर जांच शुरू की।
बाद में मृतक की पहचान कदम भुआर्य (36), निवासी फुलकोडो, थाना खड़गांव, हाल मुकाम राजकट्टा, थाना औंधी के रूप में हुई।
तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में हत्या की आशंका सामने आने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान एक संदिग्ध की मोबाइल लोकेशन हैदराबाद में मिली। इसके बाद पुलिस टीम हैदराबाद पहुंची और चंदर सिंह अंधारे को हिरासत में लेकर मानपुर लाई।
पत्नी से मारपीट और रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि मृतक अपनी पत्नी परमेश्वरी के साथ मारपीट करता था और उसके चरित्र पर संदेह करता था। परमेश्वरी के भाई चमन लाल देहरी को अपनी बहन और मां के साथ होने वाली कथित मारपीट को लेकर कदम से रंजिश थी।
पुलिस का दावा है कि इसी रंजिश के चलते कदम की हत्या की योजना बनाई गई।
शराब पिलाने के बहाने बुलाया, फिर गमछे से गला घोंटा
जांच के मुताबिक 28 फरवरी 2026 को चमन लाल देहरी और चंदर सिंह अंधारे ने मेढ़ाबुजुर्ग बाजार में कदम को देखा। इसके बाद चमन ने फोन कर उसे सीतागांव बस स्टॉप के पास बुलाया।
पुलिस के अनुसार चमन, चंदर, हेमंत राणा और एक विधि से संघर्षरत बालक कदम को अपने साथ चिखलाकसा-भैंसाराटोला नाला क्षेत्र में ले गए। वहां सभी ने भुट्टा खाया और महुआ शराब का सेवन किया।
पुलिस का कहना है कि कदम के अधिक नशे में होने के बाद आरोपियों ने गमछे से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को नाले के किनारे गड्ढा खोदकर रेत से ढक दिया गया।
मोबाइल, पर्स और जूते भी ले गए थे
पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद आरोपियों ने मृतक का मोबाइल, पर्स और जूते अपने साथ ले लिए। बाद में मोबाइल और जूते को पास के नाले में फेंक दिया गया।
आरोपी के कथन और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया तथा घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की।
गिरफ्तार आरोपी
- चंदर सिंह अंधारे, उम्र 25 वर्ष, निवासी चिखलाकसा, थाना मदनवाड़ा
- हेमंत राणा, उम्र 21 वर्ष, निवासी राजकट्टा, थाना औंधी
- चमन लाल देहरी, उम्र 24 वर्ष, निवासी राजकट्टा, थाना औंधी
- एक विधि से संघर्षरत बालक, जिसकी पहचान कानूनन गोपनीय रखी गई है।
आरोपियों को न्यायालय में किया गया पेश
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए 24 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है।
एसएसपी वाय.पी. सिंह के निर्देशन और एसडीओपी मानपुर विनोद मिंज के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में मदनवाड़ा पुलिस की भूमिका रही।












