रायगढ़ में तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी को मारी टक्कर, महिला की मौत
लाखा डेम के पास हादसा, पति घायल; दुर्घटना के बाद सड़क पर लगा जाम
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में बुधवार देर शाम लाखा रोड पर हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई। हादसे में उसका पति मामूली रूप से घायल हुआ है। दुर्घटना लाखा डेम के पास हुई, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पति के साथ घर लौट रही थी महिला
जानकारी के मुताबिक, लाखा निवासी सुनीता यादव (28 वर्ष) अपने पति रामेश्वर उर्फ रवि यादव के साथ स्कूटी से रायगढ़ से अपने घर लाखा लौट रही थी। दोनों लाखा डेम के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
मौके पर हुई महिला की मौत
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुनीता और उसका पति सड़क पर गिर गए। हादसे में सुनीता को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रामेश्वर को मामूली चोटें आई हैं।
परिजनों के पहुंचने पर बढ़ी भीड़, जाम की स्थिति
हादसे की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। महिला की पहचान होने के बाद उसके परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। बड़ी संख्या में लोगों के जमा होने के कारण लाखा रोड पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिली और कुछ समय के लिए चक्काजाम जैसी स्थिति बन गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। इसके बाद रात में सड़क पर आवागमन सामान्य हो सका।
पुलिस ने महिला के शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। वहीं ट्रेलर चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।












