रायगढ़ में पेड़ों को बांधी राखी, ग्रामीणों ने लिया संरक्षण का संकल्प
रायगढ़, 27 अगस्त। ग्राम पंचायत झारगुड़ा में पर्यावरण संरक्षण और पेड़ों की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वृक्ष रक्षा सूत्र कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला पंचायत सदस्य एवं स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण समिति की सभापति श्रीमती सुषमा खलखो के द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बहनों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी सुरक्षा और संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर सरपंच नंदकुमार यादव, मुकुट लाल राठिया, पूर्णिमा चौहान, ललिता यादव, उर्मिला यादव, रजनी पटेल सहित समूह की महिलाएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
पेड़ लगाना ही नहीं, उनकी रक्षा भी जरूरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती सुषमा खलखो ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधे लगाने के बाद हमारी जिम्मेदारी समाप्त नहीं होती, बल्कि उनकी देखभाल और सुरक्षा करना भी हमारा कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि पेड़ जीवन का आधार हैं। इनसे हमें शुद्ध वायु, छाया और फल मिलने के साथ पर्यावरण का संतुलन भी बना रहता है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन को देखते हुए वृक्षों का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है।
पौधों की देखभाल का लिया संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पेड़ों की कटाई रोकने, अधिक से अधिक पौधे लगाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। साथ ही आसपास के लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने की बात कही गई।
कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों से अपील की गई कि एक पेड़ लगाएं, एक पेड़ बचाएं और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली सुरक्षित करें।












