शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय में शिक्षक दिवस एवं दीक्षारंभ समारोह का भव्य आयोजन
अब से प्रतिवर्ष 5 सितंबर को बनाया जायेगा यू.टी.डी.स्थापना दिवस
रायगढ़। शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़ में भारत के महान शिक्षाविद, दार्शनिक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस तथा नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता रही। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप मे विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. विनय चौहान और विशिष्ट अतिथि कुलसचिव डॉ. तरुण धर दीवान जी उपस्थित रहें। वाग्देवी सरस्वती और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी के चित्र पर पुष्पार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया, सभी नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर स्वागत किया गया, तत्पश्चात विश्वविद्यालय के कर्मचारी नवीन कुमार दुबे द्वारा स्वागत उद्बोधन और शिक्षक दिवस पर विचार अभिव्यक्त किया गया।
विश्वविद्यालय अपने विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के लिए तत्पर है- कुलपति-
आयोजन के मुख्य अतिथि माननीय कुलपति महोदय प्रो. विनय चैहान जी ने अपने उद्बोधन मे सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाये देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में अध्ययनशाला का प्रारंभ होना खुशी की बात है, हमारा विश्वविद्यालय छात्र केंद्रित होगा जहाँ विद्यार्थियो के भविष्य निर्माण से जुड़ी सारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जायेगी। उन्होंने कहा कि दीक्षारंभ विद्यार्थियों के विश्वविद्यालयीन जीवन की नई यात्रा का शुभारंभ है। विश्वविद्यालय में प्रवेश के साथ विद्यार्थियों के सामने ज्ञान, अनुसंधान, नवाचार और अपने व्यक्तित्व को निखारने के अनेक अवसर खुलते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने लक्ष्य को स्पष्ट रखते हुए निरंतर सीखने की प्रवृत्ति विकसित करें और विश्वविद्यालय में उपलब्ध प्रत्येक अवसर का सदुपयोग करें। उन्होंने प्रत्येक वर्ष 05 सितंबर को शिक्षक दिवस के साथ साथ विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग के स्थापना दिवस मनाने की भी घोषणा की साथ ही उन्होंने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन मूल्यों को अपने जीवन में चरितार्थ करने हेतु विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. तरुण धर दीवान जी ने कहा कि विश्वविद्यालय की अध्ययनशाला को शिखर तक पहुँचाना हम सब की जिम्मेदारी है, उन्होंने ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने शिक्षकों का सम्मान करें, जिज्ञासा के साथ प्रश्न पूछें और नई चीजें सीखने के लिए सदैव तत्पर रहें। सभी का आभार व्यक्त करते हुए सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. रवीन्द्र चौबे, कार्यक्रम समन्वयक रासेयो एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण द्वारा किया गया, इस अवसर पर श्रीमती एस.के. ठाकुर, वित्त अधिकारी, श्री सुनील अग्रवाल, प्रभारी अधिकारी परीक्षा, डाॅ. नीरजा तिवारी सिंह, प्रभारी अधिकारी अकादमी के साथ विश्वविद्यालय के समस्त अधिकारी, कर्मचारी और छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।












