रायगढ़: 48 वार्डों की बदहाल सफाई और फॉगिंग व्यवस्था को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, दी आंदोलन की चेतावनी
रायगढ़ नगर पालिक निगम के सभी 48 वार्डों में चरमराई सफाई व्यवस्था और मच्छर जनित बीमारियों के खतरे को लेकर नेता प्रतिपक्ष सलीम नियारिया एवं कांग्रेसी पार्षदों ने निगम आयुक्त को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन के जरिए शहर में नियमित कचरा उठाव, फॉगिंग, नालियों की सफाई, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार करने की मांग की गई है। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव, पूर्व अध्यक्ष अनिल शुक्ला, विकास शर्मा, पार्षद विकास ठेठवार, अनुपमा यादव, अमृत काटजू, प्रदीप विजयचंद्र टोप्पो, संदीप अग्रवाल, आशीष शर्मा, आशीष चौबे, संजय चौहान और शारदा सिंह गहलोत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी पार्षद उपस्थित रहे।
नालियों की सफाई में आधुनिक मशीनों के इस्तेमाल की मांग
ज्ञापन में इस बात पर कड़ी आपत्ति जताई गई है कि आज भी सफाई कर्मचारियों को गंदे नालों के दूषित पानी में उतरकर जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में काम करना पड़ रहा है। पार्षदों का आरोप है कि नगर निगम के पास सक्शन और जेटिंग वाहन मौजूद होने के बावजूद उनका उपयोग डिवाइडर और मूर्तियों की धुलाई में किया जा रहा है, जबकि इनका उपयोग बड़े नालों की सफाई में होना चाहिए। इसके अलावा, शहर के सौंदर्यीकरण पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद जनता को स्वच्छ वातावरण और डेंगू-मलेरिया से राहत न मिलने पर सवाल उठाए गए हैं। पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो निगम कार्यालय के सामने उग्र धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम आयुक्त की होगी.
सेवानिवृत्त कर्मचारियों की वापसी और सुपरवाइजरों की कार्यप्रणाली पर सवाल
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि नगर निगम में महत्वपूर्ण पदों पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दोबारा जिम्मेदारी दी गई है, जिससे सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है और उनके रवैये से जनता व पार्षदों के बीच नगर निगम की छवि धूमिल हो रही है। ऐसे लोगों को तुरंत हटाकर स्थायी दरोगा नियुक्त करने की मांग की गई है। साथ ही, सभी 48 वार्डों के दरोगा और सुपरवाइजरों की रोजाना उपस्थिति जांचने की मांग करते हुए कहा गया है कि अनुपस्थित कर्मचारियों की हाजिरी लगाने और समय से पहले छुट्टी देने की शिकायतों की नियमित निगरानी की जाए.
फॉगिंग मशीन और मेलाथियान तेल छिड़काव के निर्देश
बरसात के मौसम को देखते हुए शहर में मच्छरों के प्रकोप को रोकने के लिए चार नई डबल बैरल थर्मल फॉगिंग मशीनें खरीदने और खराब पड़ी मशीनों को तुरंत दुरुस्त कराने की मांग की गई है। इसके साथ ही सभी वार्डों के लिए नियमित फॉगिंग का शेड्यूल बनाने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों और नालियों में मेलाथियान तेल का नियमित छिड़काव सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है.












