बीएमसी का वार्षिक कॉन्क्लेव कैंसर उपचार में मील का पत्थर साबित होगा: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

*मुख्यमंत्री ने चौथे बीएमसी छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव में किया सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन कार्यक्रम का शुभारंभ, 500 से अधिक राष्ट्रीय और 11 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ जुटे*

रायपुर, 19 सितंबर 2026। वेदांता मेडिकल रिसर्च फाउंडेशन की इकाई और मध्य भारत के प्रमुख कैंसर उपचार केंद्र बालको मेडिकल सेंटर (बीएमसी) द्वारा आयोजित चौथा बीएमसी छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव का शुभारंभ नया रायपुर स्थित मेफेयर लेक रिजॉर्ट में हुआ। 18 से 20 सितंबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय कॉन्क्लेव का विषय ‘कैंसर उपचार में संतुलन की पुनर्स्थापना’ रखा गया है।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन कार्यक्रम के साथ किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल और स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री अमित कटारिया भी मौजूद रहे।

*सर्वाइकल कैंसर मुक्त छत्तीसगढ़ से सर्वाइकल कैंसर मुक्त भारत का संकल्प*

मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने कहा, “सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम संभव है। हमारा संकल्प है कि हम सर्वाइकल कैंसर मुक्त छत्तीसगढ़ से सर्वाइकल कैंसर मुक्त भारत की ओर आगे बढ़ें। इस मिशन में बीएमसी का वार्षिक कॉन्क्लेव क्षेत्र में कैंसर उपचार के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।”

उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य जमीनी स्तर पर सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और शुरुआती पहचान के लिए राज्य के प्रयासों को मजबूत करना तथा WHO के सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन लक्ष्य में योगदान देना है।

स्वास्थ्य मंत्री  श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि देश-दुनिया के प्रमुख विशेषज्ञों का रायपुर में जुटना छत्तीसगढ़ के लिए उत्साहजनक है।

*500 से अधिक विशेषज्ञ, लाइव सर्जरी और कार्यशालाएं*

बीएमसी ने एकैन्सर, टाटा मेमोरियल सेंटर और नेशनल कैंसर ग्रिड के सहयोग से आयोजित इस कॉन्क्लेव में स्तन, स्त्री रोग संबंधी और मूत्र-जनन तंत्र के कैंसर के उपचार में सही विकल्पों पर मंथन किया गया। इसमें 20 से अधिक पैनल चर्चाएं, सजीव सर्जिकल प्रदर्शन और व्यावहारिक कार्यशालाएं आयोजित की गईं।

कॉन्क्लेव में 500 से अधिक राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय विशेषज्ञों और 11 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों सहित सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ और शोधकर्ता शामिल हुए। आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक प्रमाणों पर आधारित निर्णय, मरीज-केंद्रित उपचार और किफायती पहुंच पर विशेष जोर दिया गया।

*डॉ. रवि कन्नन को वेदावती अग्रवाल ऑरेशन अवॉर्ड*

कैंसर उपचार में उल्लेखनीय योगदान के लिए बीएमसी ने डॉ. रवि कन्नन को वेदावती अग्रवाल ऑरेशन अवॉर्ड से सम्मानित किया। यह सम्मान वेदांता मेडिकल रिसर्च फाउंडेशन की चेयरपर्सन श्रीमती ज्योति अग्रवाल ने अपनी दादी और वेदांता चेयरमैन श्री अनिल अग्रवाल की माता स्व. श्रीमती वेदावती अग्रवाल की स्मृति में शुरू किया है।

बीएमसी की मेडिकल डायरेक्टर डॉ. भावना सिरोही ने कहा, “हमारा उद्देश्य मध्य भारत में ऐसी व्यापक कैंसर देखभाल व्यवस्था विकसित करना है, जहाँ मरीजों को अपने घर के करीब रोकथाम, जांच, निदान, उपचार और पुनर्वास की सुविधा मिले। भौगोलिक दूरी के कारण किसी मरीज की गुणवत्तापूर्ण उपचार तक पहुंच प्रभावित नहीं होनी चाहिए।”

उन्होंने बताया कि बीएमसी एचपीवी टीकाकरण और सुलभ स्व-जांच के माध्यम से सरकारी पहलों को सहयोग दे रहा है। साथ ही उन्नत इंटरस्टिशियल ब्रैकीथेरेपी और पूरी तरह महिला विशेषज्ञों द्वारा संचालित स्तन स्वास्थ्य क्लिनिक की शुरुआत की गई है, ताकि महिलाएं गोपनीय और सहज वातावरण में जांच के लिए आगे आ सकें।

कंसल्टेंट सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. दिवाकर पांडे ने स्थानीय जरूरतों के अनुरूप शोध पर जोर दिया।

कॉन्क्लेव में महिला कैंसर विशेषज्ञों के सहयोग के लिए ‘वूमेन फॉर ऑन्कोलॉजी (W4O)’ मंच और मरीजों की सहायता के लिए ‘कैनवास फॉर ए लाइफ’ कला एवं विरासत प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसकी राशि बीएमसी चैरिटेबल फंड के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के उपचार और पोषण में उपयोग की जाएगी।

Back to top button