बिलासपुर खपरगंज हिंसा: लंबे समय से फरार आरोपी राम सिंह ठाकुर मध्यप्रदेश से गिरफ्तार
बिलासपुर। खपरगंज में 28 अगस्त को दो पक्षों के बीच हुए हिंसक विवाद के मामले में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी राम सिंह ठाकुर को मध्यप्रदेश के पन्ना से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने एक परिचित के घर में छिपा हुआ था। एसीसीयू की टीम ने शुक्रवार को दबिश देकर उसे पकड़ा।
इस मामले में पुलिस अब तक दोनों पक्षों के करीब 30 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पन्ना में दोस्त के घर छिपा था आरोपी
पुलिस के मुताबिक घटना के बाद से राम सिंह ठाकुर की तलाश की जा रही थी। उसकी संभावित लोकेशन का पता लगाने के लिए तकनीकी टीम की मदद ली गई। पुलिस को उसके मध्यप्रदेश में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद एसीसीयू की टीम पन्ना पहुंची।
बताया गया कि आरोपी बृजपुर थाना क्षेत्र के माकरी कुठार गांव में अपने दोस्त के घर ठहरा हुआ था। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे बिलासपुर लाया गया। आरोपी को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
विवाद के बाद दोनों पक्षों पर केस
28 अगस्त की रात खपरगंज इलाके में युवकों के दो गुटों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार, विवाद के पीछे सोशल मीडिया पर की गई कथित टिप्पणी और पुरानी रंजिश जैसे कारण सामने आए थे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट और पथराव शुरू हो गया।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इसी दौरान पुलिसकर्मियों पर भी पथराव किया गया। घटना में तारबाहर थाना प्रभारी रवि तिवारी समेत 9 पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी।
दोनों पक्षों से करीब 30 गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मामले दर्ज किए। पुलिस के मुताबिक, अब तक दोनों पक्षों से करीब 30 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें एक पक्ष के मुख्य आरोपी सोहेल खान समेत 15 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी बताई गई है।
वहीं दूसरे पक्ष से भी कई आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। राम सिंह ठाकुर घटना के बाद से फरार चल रहा था।
पहले सोशल मीडिया वीडियो में कही थी सरेंडर की बात
घटना के बाद राम सिंह ठाकुर का एक सोशल मीडिया वीडियो भी सामने आया था। इसमें उसने खुद को निर्दोष बताते हुए जल्द पुलिस के सामने सरेंडर करने की बात कही थी। उसने अपनी गिरफ्तारी को लेकर आशंका भी जताई थी।
हालांकि, पुलिस के अनुसार वह सरेंडर करने के बजाय फरार हो गया और बाद में मध्यप्रदेश में उसके छिपे होने की जानकारी मिली। अब गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर मामले में आगे की जांच कर रही है।
