सुखदेव भगत का पहला छत्तीसगढ़ दौरा 27 सितंबर से, संगठनात्मक बैठकों में होंगे शामिल
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी और सांसद सुखदेव भगत 27 सितंबर को पहली बार प्रदेश के दौरे पर पहुंचेंगे। प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ प्रवास होगा। उनका दौरा 27 से 29 सितंबर तक प्रस्तावित है। इस दौरान वे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और विभिन्न संगठनात्मक इकाइयों के साथ बैठक करेंगे।
27 सितंबर को रायपुर पहुंचेंगे
दौरा कार्यक्रम के अनुसार सुखदेव भगत 27 सितंबर को दोपहर करीब 2:25 बजे रायपुर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे सीधे कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय राजीव भवन जाएंगे।
शाम 5:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस प्रस्तावित है। इसके बाद शाम 6:30 बजे राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक में शामिल होंगे। रात 8 बजे विधायकों के साथ डिनर मीटिंग का कार्यक्रम रखा गया है।
संगठन के पदाधिकारियों के साथ करेंगे बैठक
28 सितंबर को दौरे की शुरुआत सुबह 10 बजे PCC कार्यालय के पदाधिकारियों के साथ बैठक से होगी। इसके बाद सुबह 11:30 बजे कनेक्ट सेंटर की टीम के साथ बैठक प्रस्तावित है।
दोपहर 2 बजे से 3:30 बजे तक वे AICC के निर्देश पर जिला कलेक्टोरेट तक निकाले जाने वाले विरोध मार्च में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 4 बजे फ्रंटल संगठनों के प्रमुखों के साथ बैठक होगी। शाम 5 बजे से अनुशासन समिति के साथ बैठक का कार्यक्रम है।
29 सितंबर तक प्रदेश में रहने का कार्यक्रम
कांग्रेस की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक सुखदेव भगत 29 सितंबर तक छत्तीसगढ़ में रहेंगे। दौरे के दौरान प्रदेश संगठन की गतिविधियों, पार्टी की तैयारियों और संगठनात्मक कामकाज से जुड़े विषयों पर नेताओं से जानकारी लेने का कार्यक्रम है।
उनके पहले प्रदेश दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन में तैयारियां शुरू हो गई हैं। दौरे के दौरान होने वाली बैठकों में प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों के अलावा राजनीतिक मामलों की समिति और विभिन्न मोर्चा-संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
