समान नागरिक संहिता पर सुझाव और विचार साझा करेंगे संभाग के प्रतिनिधि 8 अक्टूबर को बैठक

यूसीसी पर सरगुजा संभाग में होगा विचार-विमर्श, 8 अक्टूबर को अम्बिकापुर में बैठक

अम्बिकापुर, 05 अक्टूबर 2026 / छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में व्यापक जन-संवाद के तहत सरगुजा संभाग में दो दिवसीय संभाग स्तरीय बैठक आयोजित की जा रही है। समान नागरिक संहिता समिति के सचिव द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार यह बैठक 8 अक्टूबर को अम्बिकापुर तथा 9 अक्टूबर को जशपुर में होगी।

अम्बिकापुर में बैठक – 8 अक्टूबर
दोपहर 3 बजे शासकीय पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम, अम्बिकापुर में आयोजित बैठक में सरगुजा संभाग के 5 जिलों – सरगुजा, बलरामपुर-रामानुजगंज, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी), सूरजपुर एवं कोरिया जिले के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

जशपुर में बैठक – 9 अक्टूबर
दूसरे दिन 9 अक्टूबर को सुबह 11 बजे जशपुर में बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें जशपुर जिले के प्रतिनिधि सहभागिता करेंगे।

सरगुजा संभागायुक्त श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने संभाग के सभी संबंधित जिलों के राजनीतिक दलों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, शिक्षाविदों, प्रतिष्ठित नागरिकों, निगम, मंडल और आयोग के प्रतिनिधियों से बैठक में उपस्थित होकर अपने विचार एवं सुझाव साझा करने का अनुरोध किया है। साथ ही संबंधित जिलों के कलेक्टरों को बैठक के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

नोडल अधिकारी नियुक्त
बैठक के सफल संचालन एवं समन्वय हेतु कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने आदेश जारी किया है। इसके अनुसार अपर कलेक्टर श्री प्रताप विजय कुमार खेस्स नोडल अधिकारी एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अम्बिकापुर श्री बन सिंह नेताम सहायक नोडल अधिकारी होंगे।

यह संवाद विभिन्न वर्गों की सहभागिता के माध्यम से यूसीसी पर व्यापक सुझाव प्राप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

Back to top button