रायगढ़ में बिजली विभाग का मास डिस्कनेक्शन अभियान, 122 उपभोक्ताओं के काटे कनेक्शन; 37.61 लाख की वसूली

रायगढ़। बिजली बिल के बकायादारों से राशि वसूलने के लिए बिजली विभाग ने रायगढ़ सिटी डिवीजन में 9 और 10 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया। दो दिनों तक चले इस मास डिस्कनेक्शन अभियान के दौरान 261 उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन पर कुल 81 लाख 81 हजार 931 रुपये का बिजली बिल बकाया था।

अभियान के दौरान 122 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए, जबकि 125 उपभोक्ताओं से 37 लाख 61 हजार 530 रुपये की बकाया राशि वसूल की गई। इसके अलावा चार उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 138 के तहत प्रकरण तैयार किए गए।

पहले दिन 74 उपभोक्ताओं के काटे कनेक्शन

9 अक्टूबर को अभियान के पहले दिन विभाग ने 132 उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की। इन पर कुल 47 लाख 70 हजार 732 रुपये बकाया थे। इनमें से 74 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए।

वहीं, 44 उपभोक्ताओं ने बकाया बिजली बिल जमा किया, जिससे विभाग को 19 लाख 10 हजार 688 रुपये की वसूली हुई। कार्रवाई के दौरान सर्किल के कनिष्ठ और सहायक अभियंता भी मौजूद रहे।

दूसरे दिन 48 कनेक्शन काटे, 18.50 लाख की वसूली

10 अक्टूबर को भी बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई जारी रही। दूसरे दिन 129 उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिन पर 34 लाख 11 हजार 199 रुपये का बिजली बिल बकाया था।

इस दौरान 48 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए, जबकि 81 उपभोक्ताओं से 18 लाख 50 हजार 842 रुपये की वसूली की गई। इसके अलावा चार उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 138 के तहत प्रकरण तैयार किए गए। इन प्रकरणों से संबंधित राशि 2 लाख 47 हजार 74 रुपये बताई गई है।

10 टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में की कार्रवाई

जोन-1 के कार्यपालन अभियंता आरके राव के अनुसार, बकाया बिजली बिल की वसूली और कनेक्शन विच्छेदन के लिए विभाग की 10 टीमें शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात की गई थीं। लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि बकाया राशि की वसूली और बिजली कनेक्शन काटने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य लंबित बिजली बिलों की वसूली सुनिश्चित करना है।

Back to top button