रायगढ़ के पुसौर में बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पति पर मारपीट का आरोप; पुलिस जांच में जुटी

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना ग्राम सूपा की है, जहां पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने महिला के पति को पूछताछ के लिए थाने ले जाकर जांच शुरू की है।

पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद महिला घायल

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ग्राम सूपा में रहने वाले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने महिला के साथ मारपीट की, जिससे वह घर में रखे तखत पर गिर गई। इस दौरान उसके कान के पास गंभीर चोट लगने की बात सामने आई है।

घटना के बाद महिला के बेटे ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला की मौत हो गई।

अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया शव

महिला की मौत के बाद शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर की मर्चुरी में रखवाया गया। डायल 112 की टीम महिला के पति को पूछताछ के लिए पुसौर थाने ले गई।

मौत की असली वजह जांच के बाद होगी स्पष्ट

फिलहाल मृतका और उसके पति के नाम सहित घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह और घटना की परिस्थितियां पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी।

Back to top button