सगरा तालाब की मेढ़ पर अतिक्रमण का आरोप, धार्मिक स्थलों का रास्ता प्रभावित होने की आशंका
नगर निगम ने जांच कर कार्रवाई का दिया भरोसा, मूर्ति विसर्जन घाट तक पहुंच को लेकर चिंता
अनिल शुक्ला की रिपोर्ट
बिलासपुर। सकरी जोन क्रमांक-1 के घुरू वार्ड क्रमांक-4 स्थित सगरा तालाब की मेढ़ पर कथित अतिक्रमण का मामला सामने आया है। सैयदा मेंड्रा रोड से लगे तालाब के किनारे नवनिर्मित मकान की बाउंड्रीवॉल को लेकर सार्वजनिक रास्ता प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
तालाब की मेढ़ पर 4 से 5 मंदिर और शिवालय स्थित हैं। यहां रामनवमी, महाशिवरात्रि सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन होते हैं। इसी स्थान पर मूर्ति विसर्जन घाट भी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले यहां पर्याप्त खुली जगह थी और ट्रक, ट्रैक्टर जैसे बड़े वाहन भी आसानी से पहुंचते थे। अब निर्माण के कारण रास्ता संकरा होने की आशंका है, जिससे धार्मिक आयोजनों और मूर्ति विसर्जन में परेशानी हो सकती है।
उपलब्ध राजस्व विवरण के अनुसार, खसरा नंबर 472/7 का रकबा 0.0330 हेक्टेयर है, जहां मकान और बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि इससे तालाब की मेढ़ की सार्वजनिक भूमि प्रभावित हो रही है। वहीं, खसरा नंबर 461 में तालाब का रकबा 2.2050 हेक्टेयर और खसरा नंबर 462 में मेढ़ का रकबा 0.8170 हेक्टेयर बताया गया है।
नगर निगम से कार्रवाई की उम्मीद
मामले में सकरी जोन की अतिक्रमण शाखा के प्रभारी हितेश मक्कड़ ने जांच कर कार्रवाई करने का भरोसा दिया है। अब देखना होगा कि निगम कब तक कार्रवाई करता है। सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि होने पर नियमानुसार कदम उठाकर रास्ते और धार्मिक स्थलों तक पहुंच सुरक्षित रखना जरूरी है। स्थानीय लोगों की मांग है कि सगरा तालाब की मेढ़ और मूर्ति विसर्जन घाट से जुड़े सार्वजनिक रास्ते को बाधित होने से बचाया जाए।
