बरसते पानी में पटवारियों का गरजता आक्रोश,चार सूत्रीय मांगों को लेकर बलौदाबाजार में निकाली गई विशाल रैली

बलौदाबाजार,
फागूलाल रात्रे, लवन।
अर्णव चक्रवात के प्रभाव से हो रही बारिश भी पटवारियों के हौसले और आक्रोश को नहीं डिगा सकी। अपनी 4 सूत्रीय न्यायसंगत मांगों को लेकर बीते 12 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे राजस्व पटवारी संघ जिला बलौदाबाजार भाटापारा के बैनर तले 28 अक्टूबर को सैकड़ों पटवारियों ने काले कपड़े पहनकर बरसते पानी में एकदिवसीय विशाल आक्रोश रैली निकाली और कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। शासन का ध्यान आकर्षित करने हेतु आयोजित इस रैली में पटवारियों ने विपरीत मौसम के बावजूद काली पट्टी और काले वस्त्र धारण कर अपनी एकजुटता का परिचय दिया।
संघ के संभागीय अध्यक्ष भावेश वर्मा एवं जिलाध्यक्ष रसपाल सेन ने बताया कि प्रांत स्तरीय आह्वान पर यह हड़ताल और आक्रोश प्रदर्शन आयोजित किया गया है। उन्होंने संघ की चार सूत्रीय प्रमुख मांगों को रेखांकित करते हुए कहा कि फिजिकल वेरिफिकेशन ऐप पर प्रत्येक खेत में जाकर 4-4 फोटो खींचकर धान सत्यापन करने की व्यावहारिक समस्याओं के कारण इस ऐप का विरोध किया जा रहा है। पटवारियों को 50 प्रतिशत वरिष्ठता एवं 50 प्रतिशत विभागीय परीक्षा के माध्यम से पारदर्शी पदोन्नति दी जाए। वर्ष 2017-18 में ग्रेड पे संशोधन के बाद से लंबित वेतन विसंगतियों को तत्काल दूर किया जाए एवं फिजिकल वेरीफिकेशन ऐप के न्यायसंगत विरोध के कारण पटवारियों पर किए गए स्थानांतरण एवं निलंबन आदेशों को अविलंब निरस्त किया जाए। संभाग अध्यक्ष व जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि जब तक शासन द्वारा इन मांगों पर संवेदनशीलता से विचार कर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता तब तक प्रांतीय आह्वान पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगी। पटवारियों की इस अनिश्चितकालीन हड़ताल के चलते जिले भर में राजस्व प्रशासन का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है। आय जाति निवास प्रमाण पत्र फौती नामांतरण सीमांकन एवं बंटवारा जैसे अति आवश्यक जनहितकारी कार्य रुक जाने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
Back to top button