रायगढ़ में 31 अक्टूबर को भाजपा की विशाल पदयात्रा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी होंगे शामिल
रायगढ़। भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘लोकतंत्र बचाव, अराजकता हटाव’ अभियान के तहत 31 अक्टूबर को रायगढ़ में विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी। इसमें प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी सहित जिले के सांसद, राज्यसभा सांसद, जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी शामिल होंगे। पार्टी की ओर से इस आयोजन में जिलेभर से हजारों कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना जताई गई है।
सुबह 10 बजे सिंदूर पार्क में सभा, 11 बजे शुरू होगी पदयात्रा
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 31 अक्टूबर को सुबह 10 बजे सिंदूर पार्क में सभा आयोजित की जाएगी। इसके बाद सुबह 11 बजे पदयात्रा शुरू होगी। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से होते हुए गांधी प्रतिमा चौक पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।
पदयात्रा का निर्धारित मार्ग सिल्वर पैलेस, मंदिर चौक, न्यू मार्केट, सुभाष चौक, हटरी चौक, हंडी चौक, घड़ी चौक, सत्तीगुड़ी चौक, सिविल लाइन, नटवर स्कूल और स्टेशन चौक से होकर गुजरेगा।
लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का उद्देश्य: श्रीकांत सोमावार
कार्यक्रम के संयोजक एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीकांत सोमावार ने कहा कि लोकतंत्र की मर्यादा, संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के उद्देश्य से यह अभियान आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जनभागीदारी और जागरूकता जरूरी है।
उन्होंने जिले के सभी भाजपा पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मोर्चा-प्रकोष्ठों और कार्यकर्ताओं से सुबह 10 बजे सिंदूर पार्क पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
संगठन की एकजुटता का संदेश देगी पदयात्रा: अरुण धर दीवान
भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण धर दीवान ने कहा कि लोकतंत्र जनता के अधिकारों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का आधार है। इस अभियान के माध्यम से पार्टी अपनी प्रतिबद्धता को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करेगी। उन्होंने रायगढ़ में आयोजित पदयात्रा को संगठन की एकजुटता और सामूहिक भागीदारी का अवसर बताया।
सभी मंडलों को सौंपी गई जिम्मेदारी
भाजपा जिला महामंत्री विकास केड़िया ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर संगठन स्तर पर समन्वय किया जा रहा है। जिले के सभी मंडलों, मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि पदयात्रा में जिलेभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।
कई जनप्रतिनिधि भी होंगे शामिल
आयोजकों के अनुसार, पदयात्रा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप, महापौर जीवर्धन चौहान और जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गभेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
भाजपा नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों से भी 31 अक्टूबर को सुबह 10 बजे सिंदूर पार्क पहुंचकर सभा और पदयात्रा में सहभागी बनने की अपील की है।

