रायगढ़: खरसिया पुलिस ने 1.805 किलो गांजा के साथ आरोपी को किया गिरफ्तार
रायगढ़। जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खरसिया पुलिस ने एक और कार्रवाई की है। ग्राम कुनकुनी में घेराबंदी कर पुलिस ने 1.805 किलोग्राम गांजा जब्त किया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर को खरसिया थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव को सूचना मिली थी कि ग्राम कुनकुनी निवासी भागीरथी पटैल अवैध बिक्री के लिए गांजा लेकर गांव पहुंचने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम कुनकुनी में योगेश चिकन सेंटर के पास घेराबंदी की और संदेही को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भागीरथी पटैल (42 वर्ष), पिता स्वर्गीय नकुल प्रसाद पटैल, निवासी सरईपाली (कुनकुनी) बताया। पुलिस ने उसके थैले की जांच की, जिसमें 1.805 किलोग्राम गांजा मिला। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया।
सप्ताहभर में दूसरी गांजा कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन आघात के तहत खरसिया पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर गांजा तस्करी के खिलाफ यह दूसरी कार्रवाई की है। इससे पहले 28 अक्टूबर को ग्राम छोटे देवगांव में कार्रवाई करते हुए मोहन लाल गुप्ता के कब्जे से 5.025 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया था।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में खरसिया एसडीओपी सतीश भार्गव के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव, एएसआई उमाशंकर घृतांत, प्रधान आरक्षक महेंद्र खरे और रामनाथ बनर्जी तथा आरक्षक सत्यनारायण सिदार एवं अनूप मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

