बेमेतरा : दामिनी बांधे ने कराते में जीता गोल्ड मेडल, राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित
बेमेतरा। जिले की कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्रा दामिनी बांधे ने राज्य स्तरीय कराते प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ ही उनका चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। दामिनी की सफलता से विद्यालय परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
अंडर-19 वर्ग में हासिल किया पहला स्थान
दुर्ग में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में दुर्ग संभाग की ओर से कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की पांच छात्राओं ने कराते प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था।
इनमें अंडर-19 वर्ग से दुर्गेश्वरी, दामिनी और अर्पणा तथा अंडर-17 वर्ग से मुस्कान और चांदनी शामिल थीं।
प्रतियोगिता में दामिनी बांधे ने अंडर-19 बालिका वर्ग के 32 किलोग्राम से कम भार वर्ग में मुकाबला करते हुए पहला स्थान हासिल किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनके प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया है।
विद्यालय परिवार ने दी बधाई
खेल प्रशिक्षक नेहा वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में सभी छात्राओं ने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ हिस्सा लिया। दामिनी की इस उपलब्धि पर विद्यालय की अधीक्षिका भारती घृतलहरे सहित पूरे विद्यालय परिवार ने खुशी जताई।
ममता गुरुपंच, राजकिरण मिश्रा, गायत्री साहू, विजयलक्ष्मी परगनिया, सावित्री यादव, दीप्ति और नेहा ने दामिनी को स्वर्ण पदक जीतने तथा राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित होने पर बधाई दी। साथ ही आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।


