रायगढ़ : धान खरीदी से पहले अवैध भंडारण पर कार्रवाई, 34 कट्टा धान जब्त
रायगढ़। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होने वाली है। इसके पहले प्रशासन ने अवैध धान परिवहन और भंडारण के खिलाफ निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में लैलूंगा क्षेत्र के ग्राम मुकड़ेगा में कार्रवाई करते हुए करीब 14 क्विंटल धान जब्त किया गया है।
मुकड़ेगा में 34 कट्टा धान जब्त
जानकारी के अनुसार, सोमवार को एसडीएम लैलूंगा की टीम ने ग्राम मुकड़ेगा निवासी सुदूराम चौहान के पास रखे 34 कट्टा धान को जब्त किया। धान का कुल वजन करीब 14 क्विंटल बताया गया है। मामले में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
20 अंतरराज्यीय जांच चौकियों पर निगरानी
धान खरीदी के दौरान दूसरे राज्यों से अवैध धान की आवक और बिक्री रोकने के लिए जिले में 20 अंतरराज्यीय जांच चौकियां स्थापित की गई हैं। यहां तीन पालियों में चार टीमों के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी की व्यवस्था की गई है। इन चौकियों पर दूसरे राज्यों से आने वाले धान के परिवहन पर विशेष नजर रखी जाएगी।
तहसील स्तर पर उड़नदस्ता दल गठित
प्रशासन ने जिला स्तरीय निगरानी समिति के साथ तहसील स्तर पर भी उड़नदस्ता दल गठित किए हैं। रायगढ़, पुसौर, खरसिया, घरघोड़ा, तमनार, धरमजयगढ़, छाल, कापू, लैलूंगा और मुकड़ेगा क्षेत्रों में राजस्व, खाद्य, मंडी एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को इन दलों में शामिल किया गया है।
प्रशासन की टीमें अवैध धान परिवहन और भंडारण के साथ ही कोचियों तथा बिचौलियों की गतिविधियों पर भी नजर रख रही हैं। धान खरीदी शुरू होने से पहले की गई इस कार्रवाई को अवैध धान की आवक रोकने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


