रायगढ़ : अधिवक्ता संघ चुनाव में 605 वकीलों ने किया मतदान, 90 प्रतिशत से अधिक रही भागीदारी

रायगढ़। जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव के लिए बुधवार को मतदान कराया गया। सुबह 11 बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम 5:30 बजे तक चली। कुल 671 पंजीकृत मतदाताओं में से 605 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान समाप्त होने के बाद अब प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो गई है और सभी को परिणाम का इंतजार है।

चार बूथों पर कराई गई मतदान प्रक्रिया

चुनाव को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन मंडल ने तीन मतपेटियों और चार मतदान बूथों की व्यवस्था की थी। अधिवक्ताओं को सुविधा देने के लिए दो अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। क्रमांक 1 से 300 तक के मतदाताओं के लिए वरिष्ठ अधिवक्ताओं का काउंटर और 301 से 684 तक के क्रमांक वाले सदस्यों के लिए दूसरा काउंटर निर्धारित किया गया था।

11 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए

निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान नियमों के अनुसार दो बार-रूम की सदस्यता रखने वाले 11 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए थे। इनमें कुछ सदस्य घरघोड़ा और कुछ खरसिया क्षेत्र से संबंधित थे।

शांतिपूर्ण मतदान के बाद नतीजों का इंतजार

पूरी मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले निर्वाचन मंडल के सदस्यों और अधिवक्ताओं के प्रति आभार जताया।

अब सभी प्रत्याशियों की नजर मतगणना और परिणामों की घोषणा पर है। चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद जिला अधिवक्ता संघ को नए पदाधिकारी मिलेंगे।

Back to top button