रायगढ़ : उधारी नहीं मिली तो वृद्ध महिला के घर में की लूट, विरोध करने पर डंडे से किया हमला; आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़। खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम बड़े देवगांव में अकेली रह रही 62 वर्षीय महिला के घर में घुसकर लूटपाट और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने आधी रात को घर में घुसकर आलमारी और संदूक तोड़े तथा नकदी और सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, हथौड़ी और बांस का डंडा बरामद किया है। हालांकि, लूटे गए बाकी रुपये और जेवरात अभी बरामद नहीं हुए हैं।
आधी रात घर में घुसकर महिला पर किया हमला
मामला 31 अक्टूबर 2026 की रात का है। ग्राम बड़े देवगांव निवासी 62 वर्षीय रामबाई साहू अपने घर में सो रही थीं। रात करीब 1:30 बजे उनकी नींद खुली तो उन्होंने एक अज्ञात व्यक्ति को आलमारी से सामान निकालते देखा।
महिला ने आरोपी को रोकने की कोशिश की तो उसने बांस के डंडे से उनके सिर और दोनों हाथों पर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी घर की आलमारी और संदूक में रखे करीब 30 हजार रुपये नकद, 40 तोला चांदी और 2 तोला सोने के जेवर लेकर फरार हो गया।
पीड़िता ने 1 नवंबर को अपने परिजनों के साथ खरसिया थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 570/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 309(6) और 331(6) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
4,500 रुपये की उधारी नहीं मिली तो बनाई लूट की योजना
पुलिस पूछताछ में आरोपी नागेश कुमार गवेल ने वारदात करना स्वीकार किया। उसके अनुसार, 31 अक्टूबर की रात वह अपनी डिस्कवर मोटरसाइकिल से डेमलाल उरांव के घर 4,500 रुपये उधार मांगने गया था। रुपये नहीं मिलने पर वह वहां से लौट आया।
इसके बाद मुख्य मार्ग स्थित सामुदायिक भवन के पास उसने लूटपाट की योजना बनाई। आरोपी को जानकारी थी कि बड़े देवगांव में रामबाई साहू अकेली रहती हैं और उनके घर में पुट्टी-पोताई का काम चल रहा है।
इसी जानकारी का फायदा उठाकर वह रात में घर के गेट पर चढ़कर अंदर दाखिल हुआ। उसने हथौड़ी से आलमारी और संदूक तोड़कर नकदी तथा जेवरात निकालने शुरू किए। इसी दौरान संदूक की आवाज से महिला जाग गईं। विरोध करने पर आरोपी ने बांस के डंडे से उन पर हमला किया और सामान लेकर भाग निकला।
3 हजार रुपये, हथौड़ी, डंडा और बाइक जब्त
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बोरदी मोड़ मुख्य मार्ग के पास झाड़ियों से 3 हजार रुपये नकद, हथौड़ी और वारदात में इस्तेमाल बांस का डंडा बरामद किया। उसकी डिस्कवर मोटरसाइकिल घर से जब्त की गई।
आरोपी ने शेष 25 हजार रुपये, 2 तोला सोना और 40 तोला चांदी नरवा मुक्तिधाम के पास एक पेड़ के समीप छिपाने की जानकारी दी थी। पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर तलाश की, लेकिन वहां से नकदी और जेवरात बरामद नहीं हो सके।
पहचान के बाद आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने संदेह के आधार पर नागेश कुमार गवेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। पीड़िता से कार्यपालिक दंडाधिकारी खरसिया के समक्ष उसकी पहचान भी कराई गई। इसके बाद 4 नवंबर को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नागेश कुमार गवेल (29 वर्ष), पिता प्रमोद कुमार गवेल, निवासी ग्राम बड़े बोरदी, थाना खरसिया, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। इसमें थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव, उप निरीक्षक अमरनाथ शुक्ला, सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर धृतांत सहित पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





