लोकभवन में दीपावली की रौनक: CM साय ने राज्यपाल डेका को दी शुभकामनाएं बस्तर की कला भेंट की
रायपुर, 7 नवंबर 2026
दीपावली के पावन पर्व पर राजधानी रायपुर का लोकभवन आज खुशियों और आत्मीयता से जगमगा उठा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल रमेन डेका से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को पारंपरिक शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला और संस्कृति का प्रतीक बस्तर आर्ट का स्मृति चिन्ह भेंट किया। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर दीपोत्सव की खुशियां साझा कीं।
भेंट के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश, बुराई पर अच्छाई और निराशा पर आशा की विजय का पर्व है। उन्होंने कामना की कि यह पर्व छत्तीसगढ़ के हर घर में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली लेकर आए। प्रदेश में आपसी भाईचारा, सद्भाव और विकास की रोशनी और अधिक प्रखर हो।
राज्यपाल रमेन डेका ने भी मुख्यमंत्री को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और प्रदेशवासियों के सुखी और समृद्ध जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा देशभर में अपनी अलग पहचान रखती है।
लोकभवन में हुई इस सौहार्दपूर्ण मुलाकात में प्रदेश के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और दीपावली के उल्लास को लेकर भी आत्मीय चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को भी दिया संदेश –
“दीपावली का यह पर्व आपके जीवन में नई ऊर्जा, नई उमंग और नई रोशनी लेकर आए। आइए, हम सब मिलकर छत्तीसगढ़ को और अधिक खुशहाल, स्वच्छ और समृद्ध बनाने का संकल्प लें।”
पूरे प्रदेश में दीपावली को लेकर उत्साह चरम पर है। बाजारों में रौनक है, घर-घर दीप जल रहे हैं और लोग एक-दूसरे को शुभकामनाएं दे रहे हैं।























































