जशपुर में दीपावली की सुबह भीषण सड़क हादसा, बस-ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत में चालक की मौत
NH-43 पर कुनकुरी के सलियाटोली के पास हुआ हादसा, बस में सवार यात्रियों की बची जान; पुलिस ने शुरू की जांच
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में दीपावली की सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। कुनकुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर सलियाटोली के पास यात्रियों से भरी रॉयल बस और ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।
सुबह करीब 5 बजे हुई टक्कर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 5 बजे रॉयल बस यात्रियों को लेकर पटना से रायपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान कुनकुरी के सलियाटोली इलाके में सामने से आ रहे ट्रक से बस की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा।
ट्रक चालक की मौके पर मौत, यात्री सुरक्षित
दुर्घटना में ट्रक चालक की मौके पर ही जान चली गई। राहत की बात यह रही कि बस में सवार यात्रियों के हताहत होने की सूचना नहीं है। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य के साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
हादसे के कारणों की जांच जारी
दीपावली के दिन हुए इस हादसे से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।























































