रायगढ़ में 13 नवंबर को शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की स्मृति में मनेगा ‘शौर्य दिवस’, 40 शहीद परिवार होंगे सम्मानित
रायगढ़ में 13 नवंबर को मनाया जाएगा ‘शौर्य दिवस’, छत्तीसगढ़ के 40 शहीद परिवारों का होगा सम्मान
शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट आयोजित करेगा श्रद्धांजलि कार्यक्रम, चित्रकला-निबंध लेखन उत्सव और प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान
रायगढ़। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की स्मृति में 13 नवंबर को रायगढ़ में ‘शौर्य दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धांजलि सभा, स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला एवं निबंध लेखन उत्सव और छत्तीसगढ़ से भारतीय सेना में शहीद हुए 40 जवानों के परिवारों का सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही वर्ष 2025 और 2026 में सैनिक स्कूल तथा राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) में प्रवेश पाने वाले जिले के विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
13 नवंबर 2021 को मणिपुर में शहीद हुए थे कर्नल विप्लव त्रिपाठी
13 नवंबर 2021 का दिन रायगढ़ सहित पूरे देश के लिए अत्यंत दुखद रहा था। इसी दिन मणिपुर में हुए आतंकी हमले में 46 असम राइफल्स के तत्कालीन कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विप्लव त्रिपाठी, उनके चार जवान, पत्नी अनुजा और नन्हे बेटे अबीर वीरगति को प्राप्त हुए थे।
इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था। शहीद कर्नल विप्लव के माता-पिता सुभाष एवं आशा त्रिपाठी ने अपने बेटे, बहू और पोते को खोने के असहनीय दुख के बीच उनकी स्मृति को जीवित रखने का संकल्प लिया। इसी उद्देश्य से शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट की स्थापना की गई। ट्रस्ट द्वारा प्रतिवर्ष उनकी जयंती और शहादत दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
सुबह शहीदों को दी जाएगी श्रद्धांजलि
13 नवंबर को सुबह सबसे पहले मिनी स्टेडियम में स्थापित शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद सर्किट हाउस रोड स्थित पुष्प वाटिका बाल उद्यान में स्थापित बाल शहीद अबीर की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे।
इसके बाद सुबह 9 बजे से कमला नेहरू गार्डन में स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला एवं निबंध लेखन उत्सव आयोजित होगा। चित्रकला प्रतियोगिता में 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों को शामिल होने के लिए ट्रस्ट ने स्कूलों से सहभागिता की अपील की है।
शाम को छत्तीसगढ़ के 40 शहीद परिवारों का सम्मान
शौर्य दिवस के शाम के सत्र में शाम 6:30 बजे से छत्तीसगढ़ के भारतीय सेना में शहीद हुए 40 जवानों के परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में ट्रस्ट ने इसी आयोजन के मंच से रायगढ़ जिले के 14 शहीद परिवारों का सम्मान किया था। इस वर्ष सम्मान का दायरा बढ़ाते हुए प्रदेश के 40 शहीद परिवारों को शामिल किया गया है।
सैनिक स्कूल और NDA में प्रवेश पाने वाले विद्यार्थी भी होंगे सम्मानित
कार्यक्रम में वर्ष 2025 और 2026 में प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर सैनिक स्कूल तथा राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) में प्रवेश प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। यदि किसी कारणवश संबंधित विद्यार्थी कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो पाते हैं, तो उनके माता-पिता सम्मान ग्रहण कर सकेंगे।
राज्यपाल, मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री को आमंत्रण
ट्रस्ट की ओर से आयोजित चित्रकला एवं निबंध लेखन उत्सव में शामिल होने के लिए राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी को आमंत्रित किया गया है।
आयोजन में 28वीं बटालियन एनसीसी, राष्ट्रीय सेवा योजना, जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, पूर्व सैनिक संगठन, दिव्य शक्ति, अग्रसेन सेवा संघ, काव्य वाटिका, साहित्य एवं सांस्कृतिक संस्थान स्पंदन, जेसीआई, बजरंग दल, अमेचर कबड्डी संघ, संस्कार पब्लिक स्कूल, प्रेस क्लब, इप्टा, प्रगतिशील लेखक संघ, बैंकर्स एसोसिएशन (रिटा.), कहानीबाज़ थियेटर सोसायटी और गुड़ी सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थान सहित विभिन्न संस्थाओं की सहभागिता रहेगी।
ट्रस्ट ने जिले के स्कूलों से अपील की है कि वे 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग के इच्छुक विद्यार्थियों को चित्रकला उत्सव में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें। आयोजन का उद्देश्य शहीदों के बलिदान को याद रखने के साथ ही नई पीढ़ी में देशभक्ति, साहस और राष्ट्रसेवा की भावना को प्रोत्साहित करना है।























































