बिलासपुर में खाद्य विभाग की जांच में अमूल, गोवर्धन और वचन घी के सैंपल फेल, 9 संस्थानों के खाद्य पदार्थ गुणवत्ता जांच में निकले अमानक
पनीर, दही, अंडा करी, चना और पोहा के नमूने भी मानकों पर खरे नहीं उतरे; दीपावली पर लिए गए मिठाइयों के सैंपल की रिपोर्ट आने में लगेगा करीब एक महीना
बिलासपुर। दीपावली के दौरान मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच बिलासपुर में खाद्य गुणवत्ता को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा करीब एक महीने पहले जिले के 9 प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के सभी नमूने प्रयोगशाला जांच में फेल पाए गए हैं। इनमें अमूल, गोवर्धन और वचन ब्रांड के घी के नमूनों के साथ पनीर, दही, अंडा करी, चना और पोहा भी शामिल हैं।
इन सभी नमूनों की जांच रायपुर स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में कराई गई थी। रिपोर्ट मिलने के बाद अब संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
पनीर के पांचों नमूने जांच में फेल
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अनुसार नेशनल डेयरी, अलीमेंटो कैफे, अलाकार्ट, अमृतुल्य फूड एंड बेवरेजेस और सेलेस्टी रेस्टोरेंट से पनीर के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए थे। प्रदेश में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध के बाद ये नमूने एकत्र किए गए थे। जांच रिपोर्ट में पांचों प्रतिष्ठानों के पनीर के नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे।
दही, अंडा करी और पोहा के नमूने भी अमानक
जांच के दौरान अलाकार्ट से लिया गया दही का नमूना भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। गरिमा फैमिली ढाबा से लिए गए अंडा करी के नमूने में भी गुणवत्ता संबंधी कमी मिली।
वहीं, रिलायंस रिटेल भाटापारा से लिए गए चना और लाल किला ब्रांड के पोहा के नमूने भी जांच में फेल हो गए।
तीन ब्रांड के घी के नमूने भी फेल
खाद्य विभाग की जांच में शौर्य सुपर मार्ट से लिए गए अमूल और गोवर्धन ब्रांड के घी के नमूने निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे। इसके अलावा अपना मार्ट देवरीखुर्द से लिए गए वचन ब्रांड के घी का नमूना भी प्रयोगशाला जांच में फेल पाया गया।
दीपावली पर मिठाई दुकानों से लिए गए नमूने
दीपावली के अवसर पर खाद्य विभाग ने जिले में विशेष जांच अभियान चलाया था। इसके तहत एक दर्जन से अधिक मिठाई दुकानों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खोवा, कंदा, बेसन लड्डू और काजू कतली सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
बस स्टैंड स्थित सूर्या रॉयल स्वीट्स से खोवा, जूना बिलासपुर के बजरंग प्रसाद भंडार से कंदा और बेसन लड्डू तथा बजरंगबली स्वीट्स से काजू कतली का नमूना लिया गया। इसके अलावा सत्यम चौक स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स का निरीक्षण किया गया।
श्री बालाजी स्वीट्स एंड नमकीन, श्रीकांत वर्मा मार्ग से बेसन लड्डू और खोवा के नमूने लिए गए। वहीं, विनायक मावा और मनोज गुप्ता की दुकान से भी खोवा के सैंपल लेकर जांच के लिए रायपुर भेजे गए हैं।
दुकानों में साफ-सफाई और भंडारण में मिली कमियां
निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के भंडारण की व्यवस्था में भी कमियां पाई गईं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संबंधित दुकानों को सुधार सूचना (इम्प्रूवमेंट नोटिस) जारी करने के लिए अभिहित अधिकारी को अनुशंसा भेजी है।
दीपावली के दौरान लिए गए मिठाइयों के नमूनों की जांच रिपोर्ट आने में करीब एक महीने का समय लग सकता है। ऐसे में रिपोर्ट आने तक संबंधित मिठाइयां बाजार में बिक चुकी होंगी। यदि जांच में मिलावट या गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन सामने आता है, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ बाद में कार्रवाई की जाएगी।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी वैधानिक कार्रवाई
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अभिहित अधिकारी आरआर देवांगन ने बताया कि पिछले एक महीने में प्राप्त जांच रिपोर्ट में 9 संस्थानों के खाद्य पदार्थों के नमूने फेल पाए गए हैं। संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि दीपावली से पहले मिठाई दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूनों की रिपोर्ट आने में लगभग एक महीने का समय लगेगा। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद गुणवत्ता मानकों के उल्लंघन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।























































