रायगढ़ में दीपावली के अगले दिन दो दुकानों में चोरी, डेढ़ किलो चांदी और 1.58 लाख रुपये नकद पार
गौरीशंकर मंदिर रोड पर चोरों ने शटर का ताला तोड़कर दिया वारदात को अंजाम, CCTV के तार काटे और कैमरे का डायरेक्शन बदला
रायगढ़। शहर में दीपावली के अगले दिन चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोरों ने गौरीशंकर मंदिर रोड स्थित दो प्रतिष्ठानों के शटर का ताला तोड़कर चांदी और नकदी चोरी कर ली। चोरी की जानकारी सुबह दुकान खोलने पहुंचे कर्मचारियों को मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
श्रीराम उद्योग से डेढ़ किलो चांदी और डेढ़ लाख रुपये चोरी
जानकारी के अनुसार, रायगढ़ निवासी प्रदीप गर्ग का गौरीशंकर मंदिर रोड पर श्रीराम उद्योग के नाम से कार्यालय है। बीती रात अज्ञात चोरों ने कार्यालय के शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद अलमारी में रखी करीब डेढ़ किलो चांदी और डेढ़ लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
सुबह जब प्रदीप गर्ग का कर्मचारी कार्यालय खोलने पहुंचा, तो शटर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर सामान बिखरा देखकर उसने तत्काल इसकी जानकारी प्रदीप गर्ग को दी। इसके बाद प्रदीप गर्ग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी।
अशोक टी कंपनी से भी 8 हजार रुपये पार
चोरों ने श्रीराम उद्योग के ठीक सामने स्थित अशोक टी कंपनी को भी निशाना बनाया। यहां दुकान का ताला तोड़कर करीब 8 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए। इस तरह दोनों प्रतिष्ठानों से कुल करीब 1 लाख 58 हजार रुपये नकद और डेढ़ किलो चांदी चोरी होने की जानकारी सामने आई है।
CCTV के तार काटे, दूसरे कैमरे का बदला डायरेक्शन
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले CCTV कैमरों को निष्क्रिय करने की कोशिश की। अशोक टी कंपनी के CCTV कैमरे का कनेक्शन काट दिया गया, जबकि पास स्थित जगदीश दूध डेयरी के बाहर लगे कैमरे का डायरेक्शन बदल दिया गया था।
पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि चोरी की वारदात रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों और अन्य सुरागों के आधार पर जांच की जा रही है।























































