सारंगढ़ में बीजेपी नेताओं की बहस का वीडियो बनाने पर हंगामा, पत्रकारों से कैमरा छीनने की कोशिश

सारंगढ़: छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दीपावली मिलन समारोह उस वक्त भारी हंगामे की भेंट चढ़ गया, जब पार्टी के दो नेताओं के बीच हो रही बहस को रिकॉर्ड करने पर पत्रकारों और भाजपा पदाधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। इस मामले में भाजपा की प्रदेश मंत्री एवं जिला सह प्रभारी विद्यावती सिदार पर पत्रकारों को वीडियो बनाने से रोकने और उनका मोबाइल छीनने की कोशिश करने के गंभीर आरोप लगे हैं। विवाद इतना बढ़ा कि मौके पर पुलिस और जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा को हस्तक्षेप कर मामला शांत कराना पड़ा।

नेताओं की बहस और मोबाइल छीनने का आरोप

जानकारी के अनुसार, दीपावली मिलन समारोह के दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष जालान और जीतू गुप्ता के बीच किसी मुद्दे को लेकर तीखी बहस छिड़ गई थी। कार्यक्रम कवर करने पहुंचे पत्रकारों ने जब इस घटनाक्रम को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड करना शुरू किया, तो विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि भाजपा प्रदेश मंत्री एवं जिला सह प्रभारी विद्यावती सिदार ने पत्रकारों को वीडियो रिकॉर्डिंग करने से रोका और इस दौरान उनके मोबाइल फोन छीनने का भी प्रयास किया गया।

समारोह स्थल पर नारेबाजी, मंत्री टंकराम वर्मा ने कराया शांत

मोबाइल छीनने की कथित कोशिश से समारोह में मौजूद पत्रकार भड़क गए और वहीं धरने व विरोध पर उतर आए। आक्रोशित मीडियाकर्मियों ने मौके पर ही ‘पत्रकारों का अपमान नहीं सहेंगे’ के नारे लगाने शुरू कर दिए, जिससे कार्यक्रम स्थल का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव शुरू किया। इसी बीच, कार्यक्रम में मौजूद जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा भी आगे आए और दोनों पक्षों को समझाइश देकर किसी तरह विवाद को शांत कराया।

प्रेस क्लब ने खोला मोर्चा, सार्वजनिक माफी की मांग

इस घटना के बाद स्थानीय पत्रकारों में भारी नाराजगी है। सारंगढ़ प्रेस क्लब ने पूरे घटनाक्रम की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए भाजपा प्रदेश मंत्री विद्यावती सिदार से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। इसके साथ ही प्रेस क्लब ने भाजपा जिलाध्यक्ष से भी इस मामले को गंभीरता से लेने और संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ संगठनात्मक स्तर पर उचित कार्रवाई करने की मांग उठाई है। अब पूरे जिले की निगाहें भाजपा संगठन के अगले कदम पर टिकी हैं।

Back to top button