40 स्टॉलों में दिखी विकसित छत्तीसगढ़ की तस्वीर, महिला सशक्तिकरण से औद्योगिक नवाचार तक उपलब्धियों का प्रदर्शन
‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर सजा राज्योत्सव, सरकारी योजनाओं से लेकर NTPC सीपत की तकनीकी उपलब्धियों तक की दी गई जानकारी
अनिल शुक्ला की रिपोर्ट
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव 2026 में प्रदेश की विकास यात्रा और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक देखने को मिली। ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम पर आयोजित प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों के 40 स्टॉल लगाए गए, जहां महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, औद्योगिक विकास और तकनीकी नवाचारों से जुड़ी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी नागरिकों को दी गई।

जनसंपर्क विभाग की फोटो प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को छायाचित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग ने महतारी वंदन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना, पोठ लइका और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण से जुड़े प्रयासों की जानकारी दी। आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग ने पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान की उपलब्धियां प्रस्तुत कीं।
नगर निगम के स्टॉल में नालंदा परिसर, प्रधानमंत्री ई-बस सेवा और पीएम स्वनिधि योजना के जरिए नगरीय विकास, शिक्षा, परिवहन एवं छोटे व्यवसायियों को आर्थिक सहायता देने की जानकारी दी गई। जिला पंचायत ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और वीबी जी राम जी योजना सहित ग्रामीण विकास तथा महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों को प्रदर्शित किया।

शिक्षा विभाग ने डिजिटल शिक्षा, छात्रवृत्ति, पोषण, बुनियादी सुविधाओं और समग्र शिक्षा की योजनाओं को पांच श्रेणियों में प्रस्तुत किया। आयुष विभाग ने निःशुल्क औषधि वितरण, स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श के साथ सीड बॉल निर्माण, आरोग्य किट और औषधीय पौधों की प्रदर्शनी लगाई।
औद्योगिक विकास के क्षेत्र में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र ने छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत उद्योगों को मिलने वाले अनुदान, छूट और प्रोत्साहन सुविधाओं की जानकारी दी। विभागीय आंकड़ों के अनुसार जिले में पिछले 26 वर्षों में 3,542 उद्योग स्थापित हुए, जिनमें 1,62,252.95 लाख रुपये का पूंजी निवेश हुआ और 20,037 लोगों को रोजगार मिला। पिछले तीन वर्षों में 21 महिला उद्यमियों द्वारा उद्योग स्थापित किए जाने की उपलब्धि भी प्रदर्शित की गई।
NTPC सीपत की प्रदर्शनी में राख से बने उत्पाद और शिक्षा की पहल आकर्षण का केंद्र
राज्योत्सव में एनटीपीसी सीपत ने पर्यावरण संरक्षण, तकनीकी नवाचार, महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को प्रदर्शित किया। फ्लाई ऐश से निर्मित ईंट, गिट्टी, इंटरलॉकिंग ब्लॉक और पार्क बेंच सहित विभिन्न उत्पादों को प्रदर्शनी में रखा गया। पूरी तरह राख से निर्मित विकल्प ईंट और राख से रेत बनाने की तकनीक के साथ स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पाद भी प्रदर्शित किए गए।

शिक्षा के क्षेत्र में संकल्प कोचिंग के माध्यम से 100 से अधिक विद्यार्थियों को जेईई एवं नीट की निःशुल्क तैयारी कराने, बालिका सशक्तिकरण अभियान के तहत 641 बालिकाओं को प्रशिक्षण देने तथा 153 मेधावी छात्राओं को निःशुल्क शिक्षा प्रदान करने की जानकारी दी गई।


इसके अलावा वन विभाग, पुलिस विभाग और छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी सहित अन्य विभागों ने भी अपनी योजनाओं एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित किया। कुल मिलाकर राज्योत्सव की प्रदर्शनी में सरकारी योजनाओं के लाभ, महिला उद्यमिता, युवाओं के लिए अवसर, ग्रामीण आजीविका, औद्योगिक निवेश और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषय प्रमुखता से सामने आए। 40 स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को शासन की योजनाओं और विकास कार्यों से जुड़ने तथा उनकी जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला।







