कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने समय-सीमा की बैठक में उपार्जन केंद्रों की व्यवस्था, अवैध धान परिवहन पर निगरानी और लंबित शिकायतों के निराकरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
रायगढ़, 16 नवंबर 2026। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभागीय अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाले कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था, उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधाएं, अवैध धान के परिवहन पर निगरानी, मुख्यमंत्री जनदर्शन और सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों सहित विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई।
धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधाओं पर जोर
कलेक्टर ने 15 नवंबर से जिले में शुरू हुई समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी सहकारी समितियों और उपार्जन केंद्रों में खरीदी सुचारू रूप से संचालित होनी चाहिए। धान बेचने आने वाले किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो और केंद्रों में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें। उन्होंने खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने तथा शासन के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने खरीदी कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी व सतर्कता से काम करने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध धान के परिवहन और भंडारण पर विशेष निगरानी रखने, जांच नाकों पर तैनात कर्मचारियों की सुरक्षा के इंतजाम करने तथा अवैध धान से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
जनदर्शन और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय पर निराकरण
बैठक में मुख्यमंत्री जनदर्शन और सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों व आवेदनों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभागीय अधिकारी लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें और निर्धारित समय-सीमा में उनका समाधान सुनिश्चित करें। शिकायतों के निराकरण में लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
औद्योगिक क्षेत्रों की सड़कों की मरम्मत के लिए बनेगी कार्ययोजना
कलेक्टर ने औद्योगिक क्षेत्रों में सड़कों की खराब स्थिति और मरम्मत की जरूरत को देखते हुए संबंधित उद्योगों की सहभागिता से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभाग और उद्योग आपसी समन्वय से काम करें।
जिला अस्पताल की मर्च्यूरी का निरीक्षण करने के निर्देश
जिला अस्पताल की मर्च्यूरी में अव्यवस्थाओं से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने उपलब्ध व्यवस्थाओं, साफ-सफाई और आवश्यक सुविधाओं का जायजा लेकर कमियों के संबंध में विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि जरूरी सुधार किए जा सकें।
बैठक में आयुक्त नगर निगम बृजेश सिंह क्षत्रिय, एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अपर कलेक्टर डॉ. प्रियंका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर भू-आर्य, डिप्टी कलेक्टर धनराज मरकाम सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।