क्राइमछत्तीसगढ़जशपुरशिक्षा

जशपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आरा में छत्तीसगढ़ के पहले नर्सिंग कौशल कॉलेज का किया शुभारंभ

90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय और सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों से, दो वर्षीय ANM पाठ्यक्रम के बाद अस्पतालों में रोजगार के अवसर; मुख्यमंत्री बोले- नर्सिंग सेवा मानवता की सेवा और पुण्य का कार्य

जशपुरनगर, 16 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के ग्राम पंचायत आरा में छत्तीसगढ़ के पहले नर्सिंग कौशल कॉलेज का शुभारंभ किया। प्रचेत फाउंडेशन के माध्यम से स्थापित इस संस्थान में छात्राओं को दो वर्षीय एएनएम (ANM) नर्सिंग पाठ्यक्रम का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कॉलेज की सभी 120 सीटों पर प्रवेश पूरा हो चुका है। यहां अध्ययनरत लगभग 90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों से हैं।

जशपुर के आरा में नर्सिंग कौशल कॉलेज के कार्यक्रम में शामिल छात्राएं

आधुनिक लैब, छात्रावास और अन्य आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित इस संस्थान में छात्राओं को सैद्धांतिक शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें प्रतिष्ठित अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

नर्सिंग सेवा केवल रोजगार नहीं, मानवता की सेवा है: मुख्यमंत्री

कॉलेज के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस और छठ महापर्व के पावन अवसर पर नर्सिंग कौशल कॉलेज की शुरुआत होना सौभाग्य की बात है। उन्होंने संस्थान के संचालन में सहयोग देने वाले पैन आईआईटी एलुमनी और प्रचेत फाउंडेशन के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही प्रशिक्षण प्राप्त कर रही प्रथम बैच की सभी 120 छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्सिंग सेवा केवल नौकरी या रोजगार का माध्यम नहीं है, बल्कि मानवता की सेवा और पुण्य का कार्य है। मरीजों की देखभाल और उनका जीवन बचाने में डॉक्टरों के साथ नर्सों की भूमिका भी महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने छात्राओं से पूरी लगन, मेहनत और समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा भविष्य में सेवाभाव से मरीजों की देखभाल करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नर्सिंग कौशल कॉलेज के शुभारंभ समारोह में संबोधन देते हुए

स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण में नर्सों की भूमिका महत्वपूर्ण

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है। छत्तीसगढ़ को स्वस्थ और समृद्ध बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना जरूरी है। राज्य गठन के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, लेकिन पिछले 25 वर्षों में स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में विस्तार हुआ है और मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 15 से अधिक हो गई है। इस वर्ष एक साथ पांच नए मेडिकल कॉलेज प्रारंभ किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि जशपुर जिले के कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज का स्थायी भवन चरईडांड में बनाया जाएगा। फिलहाल इसका संचालन झरगांव स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन में किया जा रहा है।

विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य के साथ मिशन मोड में काम

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ लंबे समय तक नक्सलवाद की चुनौती से प्रभावित रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की इच्छाशक्ति से नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई लड़ी जा रही है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया गया है और सरकार मिशन मोड में काम कर रही है। प्रदेश की खनिज संपदा, विशाल वन क्षेत्र, वनोपज, उपजाऊ भूमि और मेहनतकश जनता विकास की ताकत हैं।

मोदी की गारंटी के वादे पूरे करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मोदी की गारंटी के सभी वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण किया जा रहा है। किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए धान खरीदी केंद्र शुरू किए गए हैं। अब प्रदेश में कुल 3,100 केंद्रों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी की पात्रता के अनुरूप लाभ मिलेगा। जिन किसानों की वास्तविक उपज प्रति एकड़ 12 या 15 क्विंटल है, उन्हें उतना ही धान बेचना होगा। शेष मात्रा की अंतर राशि भी सरकार द्वारा उनके बैंक खातों में प्रदान की जाएगी।

बेटियां कौशल और ज्ञान से स्वास्थ्य सेवा में देंगी योगदान: विधायक रायमुनी भगत

कार्यक्रम में विधायक रायमुनी भगत ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी बेटियां पूरी लगन और मेहनत से नर्सिंग का प्रशिक्षण प्राप्त करें। वे अपने कौशल और ज्ञान के माध्यम से स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में बेहतर योगदान देंगी।

प्रशिक्षण के बाद प्रतिष्ठित संस्थानों में रोजगार की व्यवस्था: कलेक्टर

कलेक्टर रोहित व्यास ने बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ शासन और पैन आईआईटी एलुमनी फाउंडेशन के संयुक्त उद्यम प्रचेत फाउंडेशन के माध्यम से इस परियोजना को कम समय में शुरू किया जा सका है।

उन्होंने बताया कि आरा में स्थापित इस नर्सिंग कौशल कॉलेज में प्रतिवर्ष 120 छात्राओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने वाली छात्राओं के लिए प्रतिष्ठित अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में नियोजन की व्यवस्था की जाएगी। इससे जशपुर और आसपास के क्षेत्रों की बेटियों को अपने क्षेत्र में ही व्यावसायिक शिक्षा और रोजगार के अवसर मिलेंगे।

पांच लाख आईआईटी पूर्व विद्यार्थियों का प्रतिनिधित्व करता है पैन आईआईटी

पैन आईआईटी एलुमनी के चेयरमैन प्रभात कुमार ने कहा कि आईआईटी की स्थापना राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से की गई थी। पैन आईआईटी देश के 23 आईआईटी संस्थानों के लगभग पांच लाख पूर्व विद्यार्थियों का प्रतिनिधित्व करता है। संस्था का उद्देश्य युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से अवसर उपलब्ध कराना और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।

उल्लेखनीय है कि प्रचेत फाउंडेशन का गठन छत्तीसगढ़ शासन और पैन आईआईटी एलुमनी रीच फॉर इंडिया फाउंडेशन के बीच गैर-लाभकारी संयुक्त उद्यम कंपनी के रूप में किया गया है। इसका उद्देश्य जनजातीय समूहों सहित वंचित वर्गों के गरीब युवाओं, महिलाओं और तृतीय लिंग समुदाय के लोगों का कौशल विकास एवं संस्थागत सशक्तीकरण करना है।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष जशपुर गंगाराम भगत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, संस्था के पदाधिकारी, छात्राएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Show More
भीम तिवारी

भीम तिवारी

प्रधान संपादक
Back to top button