महिला शिक्षकों ने मानसिक प्रताड़ना और मातृत्व अवकाश के बदले पैसे मांगने की भी लगाई शिकायत, कलेक्टर ने DEO को सौंपी जांच की जिम्मेदारी
दिनेश दुबे की रिपोर्ट
बेमेतरा। जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में संविदा शिक्षकों ने प्राचार्य और एक शिक्षक के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से शिकायत की है। शिक्षकों का आरोप है कि उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है और गोपनीय चरित्रावली (CR) खराब करने तथा भविष्य में नौकरी से हटवाने की धमकी देकर 10 हजार रुपये मांगे जा रहे हैं।
CR खराब करने की धमकी देकर वसूली का आरोप
शिकायत के अनुसार, विद्यालय के प्राचार्य और एक शिक्षक के खिलाफ संविदा शिक्षकों ने शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि प्राचार्य के नाम पर संबंधित शिक्षक संविदा शिक्षकों से 10 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। पैसे नहीं देने पर CR खराब करने और भविष्य में नौकरी से हटवाने की धमकी दिए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।
महिला कर्मचारियों को भी प्रताड़ित करने की शिकायत
शिकायत में महिला कर्मचारियों के साथ मानसिक प्रताड़ना और मातृत्व अवकाश के बदले पैसे मांगने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। संविदा शिक्षकों का कहना है कि लगातार दबाव और धमकियों के कारण विद्यालय में भय का माहौल बना हुआ है, जिससे शिक्षकों के कामकाज और पढ़ाई का वातावरण प्रभावित हो रहा है।
कलेक्टर ने DEO को सौंपी जांच
शिक्षकों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित अवैध वसूली और प्रताड़ना पर कार्रवाई करने के साथ नौकरी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बेमेतरा कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
अब शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही शिकायत में लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल सभी आरोप जांच के अधीन हैं और संबंधित पक्षों का जवाब सामने आने के बाद मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।