
बेमेतरा। खेत में टूटे बिजली सर्विस तार की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की मौत के मामले में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने बिजली कंपनी को जिम्मेदार ठहराते हुए उसकी अपील खारिज कर दी है। हाईकोर्ट ने जिला न्यायालय के उस फैसले को बरकरार रखा है, जिसमें मृतक के माता-पिता को 15 लाख 21 हजार 344 रुपये मुआवजा और छह प्रतिशत वार्षिक ब्याज देने का आदेश दिया गया था।
मामले की सुनवाई जस्टिस पीपी साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की डिवीजन बेंच में हुई। कोर्ट ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि बिजली कंपनी की जिम्मेदारी केवल बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है। बिजली के तारों का नियमित निरीक्षण, उनका रखरखाव और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी कंपनी का दायित्व है। बिजली जैसी जोखिमपूर्ण व्यवस्था में सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियों से विभाग पीछे नहीं हट सकता।
मवेशियों को भगाने के दौरान करंट की चपेट में आया युवक
यह मामला बेमेतरा जिले के पेंड्री गांव का है। गांव निवासी उदल चतुर्वेदी और जयकुमारी के 18 वर्षीय बेटे भानुप्रताप की 20 नवंबर 2022 को खेत में करंट लगने से मौत हो गई थी।
घटना के दिन सुबह करीब 9 बजे भानुप्रताप अपने बड़े भाई कृपादयाल के साथ खेत देखने गया था। इसी दौरान खेत में घुसे मवेशियों को भगाने के दौरान वह सिंचाई के लिए लगाए गए तीन हॉर्स पावर के ट्यूबवेल कनेक्शन के टूटे सर्विस तार की चपेट में आ गया। बिजली का करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जिला न्यायालय ने सुनाया था 15.21 लाख मुआवजे का आदेश
युवक की मौत के बाद उसके माता-पिता ने बिजली कंपनी के कार्यपालन अभियंता और कनिष्ठ अभियंता के खिलाफ बेमेतरा के प्रथम जिला न्यायाधीश के न्यायालय में मुआवजे के लिए दावा पेश किया था।
मामले की सुनवाई के बाद जिला न्यायालय ने 19 नवंबर 2024 को बिजली विभाग की लापरवाही मानते हुए पीड़ित परिवार के पक्ष में फैसला सुनाया। न्यायालय ने 15,21,344 रुपये मुआवजा और उस पर छह प्रतिशत वार्षिक ब्याज देने का आदेश दिया था।
हाईकोर्ट ने खारिज की बिजली कंपनी की अपील
जिला न्यायालय के फैसले को चुनौती देते हुए बिजली कंपनी ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में अपील दायर की थी। हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने मामले के तथ्यों और जिम्मेदारियों पर विचार करने के बाद बिजली कंपनी की अपील खारिज कर दी।
इसके साथ ही जिला न्यायालय द्वारा निर्धारित मुआवजे का आदेश बरकरार रखा गया। इस फैसले में हाईकोर्ट ने बिजली वितरण व्यवस्था में सुरक्षा, नियमित रखरखाव और आम नागरिकों के प्रति बिजली कंपनी की जवाबदेही को महत्वपूर्ण बताया है।
