
रायगढ़। अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 ट्रैक्टर, 4 जेसीबी और एक चैन माउंटेन मशीन जब्त की है। शुक्रवार सुबह की गई इस कार्रवाई में विभाग की टीम ने लेबड़ा और देवरी के बीच मांड नदी के किनारे दबिश दी और मौके से उत्खनन व परिवहन में लगे वाहनों को कब्जे में लिया। सभी जब्त वाहनों को कलेक्ट्रेट परिसर में खड़ा कराया गया है, जहां जांच प्रक्रिया पूरी कर आगे की चालानी कार्रवाई की जाएगी।
सुबह-सुबह मांड नदी तट पर खनिज अमले की दबिश
जानकारी के अनुसार, लेबड़ा और देवरी के बीच मांड नदी के किनारे अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की सूचना पर खनिज विभाग ने तड़के कार्रवाई की। बताया गया कि मौके से रेत का परिवहन करते हुए 6 ट्रैक्टर पकड़े गए, जबकि अवैध उत्खनन कार्य में लगी एक चैन माउंटेन मशीन, एक लोडिंग ट्रैक्टर और 4 जेसीबी मशीनों को जब्त किया गया।
आठ सदस्यीय टीम ने संभाली कमान
इस कार्रवाई के लिए उप निरीक्षक उमेश सिंह और अनुराग बड़ा के नेतृत्व में खनिज विभाग के आठ सदस्यीय दल का गठन किया गया था। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
लगातार मिल रही थीं शिकायतें, आगे भी जारी रहेगी मुहिम
खनिज विभाग के सूत्रों के मुताबिक, मांड नदी क्षेत्र से लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन की शिकायतें मिल रही थीं। पूर्व में कई बार टीम के पहुंचने से पहले ही संबंधित लोग मौके से हट जाते थे। इस बार विभाग की टीम ने सूझबूझ से कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में मशीनरी और वाहन जब्त किए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
