
कार्यालय प्रतिनिधि
सुनने की समस्या से मिली मुक्ति, अब बिना रुकावट होगा संवाद
दुर्ग 29 नवंबर 2026। शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जब धरातल पर उतरती हैं तो किसी की जिंदगी में कितना बड़ा बदलाव आ जाता है, इसकी जीवंत मिसाल बनी हैं दुर्ग जिले के टंकी मरोदा क्षेत्र की निवासी श्रीमती विमला बाई वर्मा।
लंबे समय से सुनने की समस्या से जूझ रही विमला बाई के लिए सामान्य बातचीत करना भी एक बड़ी चुनौती बन गया था। अपनों की बात समझने के लिए उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। संवाद की यही कठिनाई उनके रोजमर्रा के जीवन को भी प्रभावित कर रही थी।
परेशानी से राहत पाने की उम्मीद में विमला बाई ने समाज कल्याण विभाग में श्रवण यंत्र के लिए आवेदन किया। विभाग ने उनके आवेदन पर विचार करते हुए श्रवण यंत्र स्वीकृत किया।
हाल ही में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दुर्ग प्रवास के दौरान वार्ड क्रमांक-18 स्थित दुर्गा मंच के पास आयोजित लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के हाथों उन्हें श्रवण यंत्र प्रदान किया गया।
श्रवण यंत्र मिलते ही विमला बाई के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ झलक उठी। अब वे परिवारजनों और आसपास के लोगों की बातें आसानी से सुन सकेंगी और रोजमर्रा की गतिविधियों से फिर से सहज रूप से जुड़ सकेंगी।
इस सहायता के लिए विमला बाई वर्मा ने मुख्यमंत्री के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों और जिला प्रशासन का भी धन्यवाद किया।