गाजीपुर: नदी में शवों के तैरते मिलने का एक और मामला सामने आए है. अब गाजीपुर में गंगा नदी में दर्जनों लाशें तैरती दिखाई दी हैं. इन शवों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की आशंका के चलते नदी के किनारे रहने वाले ग्रामीणों में हड़कंप मचा हुआ है. मामला सामने आते ही जिलाधिकारी ने जांच के लिए टीम गठित कर दी है. इससे पहले बिहार के बक्सर में ऐसा मामला सामने आया था.
कई घाटों पर मिले शव
गाजीपुर जिले के कई घाटों पर यह शव मिले हैं. न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक जिले के गहमर थाना क्षेत्र के नरवा, सोझवा और बुलाकीदास बाबा घाटों पर दर्जनों शव मिले हैं. इसके अलावा करण्डा क्षेत्र के कई घाटों पर भी ऐसी ही स्थिति रही. ये शव मिलने के बाद से ही ग्रामीण बहुत डरे हुए हैं. उन्हें डर है कि यदि ये शव कोविड-19 मरीजों के हैं तो इससे नदी के पानी का उपयोग करने पर वे भी संक्रमित हो जाएंगे.