
हिरासत से आरोपी फरार, चार पुलिसकर्मी निलंबित
सक्ती। जिले के थाना जैजैपुर से पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। पुलिस हिरासत में रखा गया एक आरोपी फरार हो गया, जिसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, अपराध क्रमांक 68/2024 में धारा 454 और 380 के तहत आरोपी सुरेश पटेल को 18 मार्च 2026 की रात करीब 9 बजे हिरासत में लिया गया था। लेकिन ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही के चलते आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस अधीक्षक ने प्रआर. अनुप खलखो, आर. रामनिवास उरांव, वज्रसेन लहरे और कामता मार्चे को निलंबित कर दिया है।
इसके साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। निलंबन अवधि के दौरान संबंधित पुलिसकर्मियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
वहीं पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है। अब देखना होगा कि आरोपी कब तक पुलिस के शिकंजे में आता है और जांच के बाद इस मामले में और क्या कार्रवाई होती है।
