
रायगढ़।। किरोड़ीमल शासकीय कला व विज्ञान कॉलेज में संविधान दिवस मनाया गया। मुख्य अतिथि जिला व सत्र न्यायाधीश रजनीश श्रीवास्तव रहे। विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त जिला व सत्र न्यायाधीश प्रतिभा वर्मा और न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सतप्रीत कौर छाबड़ा रही। प्राचार्य डॉ. एके तिवारी के मार्गदर्शन और विभागाध्यक्ष राजनीति विज्ञान डॉ. पीबी बैस ने निर्देशन किया। राजनीति विज्ञान विभाग प्राध्यापिका डॉ. कुसुम मिश्रा और डॉ. मनोरमा पाण्डेय ने कार्यक्रम का संयोजन किया। प्राचार्य ने छात्रों को उद्देशिका का वाचन कराया। व्याख्याता सौरभ सराफ ने कहा कि आज हमें जो भी अधिकार प्राप्त हैं, वे सब संविधान की देन है। इसके बाद भाषण और क्विज प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। एनसीसी कैडेट्स ईशा यादव, कमल चौहान, सत्या और किशोर ने सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
भविष्य को ध्यान में रख संविधान का निर्माण
प्राचार्य डॉ. एके तिवारी ने कहा कि यह दिन भारतवासियों के लिए महत्वपूर्ण है। गुलामी की लंबी दास्ता के बाद स्वतंत्रता प्राप्ति। उन्होंने आगे कहा कि भारत के वर्तमान स्वरूप की स्थापना में संविधान निर्माताओं की दूरदृष्टि का महत्वपूर्ण योगदान है।
संविधान को व्यवहार में लाने की आवश्यकता
मुख्य अतिथि रजनीश श्रीवास्तव ने कहा कि सिर्फ संविधान के प्रावधानों से परिचित होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि हमें उसे व्यवहार में शामिल करने की भी आवश्यकता है।