
खबर का सार
- खरसिया के बोतल्दा रॉक गार्डन में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म, मारपीट और लूट का मामला।
- खरसिया पुलिस ने राहुल पटेल (20) और थलेश्वर पटेल (22) को गिरफ्तार किया।
- पुलिस ने BNS की धारा 70, 109 और 309(6) के तहत अपराध दर्ज किया।
रायगढ़। खरसिया थाना क्षेत्र के बोतल्दा रॉक गार्डन में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म, मारपीट और लूट की घटना में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल पटेल (20) और थलेश्वर पटेल (22), दोनों निवासी बोतल्दा, के रूप में हुई है।
खरसिया पुलिस के अनुसार, घटना 14 नवंबर की दोपहर करीब 3:30 से 4 बजे के बीच की है। सक्ती जिले की एक युवती अपने दोस्त के साथ बोतल्दा रॉक गार्डन घूमने पहुंची थी। इस दौरान गार्डन के ऊपरी हिस्से में बैठे दोनों युवकों ने युवती और उसके दोस्त को निशाना बनाया।
डंडे से बेरहमी से पीटा, फिर की लूटपाट
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने युवती और उसके दोस्त के साथ डंडे से मारपीट की। इसके बाद युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। मारपीट में दोनों को गंभीर चोटें आईं।
BNS की गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज
खरसिया पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70 (सामूहिक दुष्कर्म), 109 (हत्या का प्रयास) और 309(6) (लूट के दौरान चोट पहुंचाना) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
खरसिया एसडीओपी सतीश भार्गव ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बोतल्दा रॉक गार्डन से जुड़ी अन्य खबर
बोतल्दा रॉक गार्डन के पास बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने मारी थी टक्कर
