CG News: बच्चे लेकर शहर में घूम रहा इस महिला चोर का गिरोह
CG News: दुर्ग शहर में इन दिनों महिला चोरों का गिरोह सक्रिय है। इस गिरोह में कुछ महिलाएं छोटे बच्चों को साथ में लेकर घूम रही हैं और मौका पाकर घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देती हैं। हाल ही में इन महिलाओं ने जेवरा सिरसा चौकी और मोहन नगर थाना क्षेत्र के कई घरों को निशाना बनाया हैं।
इसमें से कुछ जगह लोगों की सक्रियता के चलते महिलाएं चोरी नहीं कर पाई। महिलाओं के इस गिरोह की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। तस्वीरों के आधार पर पुलिस इनकी तफ्तीश में जुट गई है।
गोद में बच्चे को लेकर घुमती है महिलाएं
जानकारी के मुताबिक, 9 फरवरी को कुछ महिलाएं गोद में बच्चा लिए बस्तियों में घूमते हुए वार्ड सात जेवरा में एक घर के पास पहुंची। महिलाओं ने खिलानंद साहू के घर में घुसकर आलमारी में रखे करीब तीन लाख के जेवर और कुछ कैश पार कर दिए। इसके बाद गिरोह ने दुर्ग के संतराबाड़ी निवासी हेमंत कोसरिया के घर पर भी चोरी की।
हेमंत कोसरिया अपनी पत्नी के साथ किसी काम से बाहर गए हुए थे। उनके पिता और दोनों बेटे और बहू घर पर आराम कर रहे थे। तभी दोपहर में दो बच्चों के साथ आई एक महिला घर के अंदर घुसी और मोबाइल चोरी कर लिया। महिला ने एक कुर्ता भी चुरा लिया जिसमें 13 हजार रुपए नकद थे। रुपए निकालने के बजाए महिला सीधे कुर्ते को ही चोरी कर लेकर चली गई।
Also Read: Raigarh News: वित्त मंत्री ओपी के प्रयासों से जिले के लिए डेढ़ सौ करोड़ की लागत से दो रेलवे ओवर ब्रिज को मिली स्वीकृति
शातिर तरीके से करती हैं चोरी
गिरोह में शामिल महिलाएं बड़ी ही चालाकी से चोरी करती हैं। एक महिला जब घर में घुसकर चोरी करती है। तो अन्य महिलाएं व उनके साथ के बच्चे घर के बाहर सभी रास्तों पर नजर रखते हैं। ये महिलाएं इतनी शातिर हैं कि घर में चोरी करने के बाद तुरंत बाहर निकल जाती हैं और फरार हो जाती हैं।
CG News : वहीं मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा का कहना है कि घटनाओं की शिकायत मिलने के बाद आरोपी महिलाओं की तलाश शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी कैमरों में मिले फुटेज के आधार पर आरोपियों की पतासाजी की जा रही है। लेकिन अभी तक उनके बारे में कोई भी जानकारी नहीं मिल पाई है।