
रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल ने शुक्रवार को देवेंद्र नगर पुलिस स्टेशन में आत्मसमर्पण कर दिया। उनके सरेंडर के दौरान थाने परिसर में भारी हंगामा देखने को मिला। सैकड़ों समर्थकों की भीड़ और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने काबू पाने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया।
कई राज्यों में दर्ज हैं मामले
अमित बघेल के खिलाफ छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग, सरगुजा, धमतरी, रायगढ़ और जगदलपुर समेत कई जिलों में FIR दर्ज हैं।
राज्य से बाहर—
- मध्य प्रदेश (इंदौर, ग्वालियर)
- उत्तर प्रदेश (प्रयागराज)
- महाराष्ट्र (मुंबई, उल्हासनगर)
- नोएडा
- कर्नाटक (बेंगलुरु)
सहित 12 राज्यों में विभिन्न आपराधिक प्रकरण चल रहे हैं।
पुलिस ने उन पर ₹5000 का इनाम भी घोषित किया था।
सरेंडर के बाद पुलिस उन्हें कोर्ट में पेश करने की तैयारी में है।
थाने के बाहर भारी सुरक्षा
स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए थाने के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
बैरिकेडिंग की गई है और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया गया है।
मां के निधन के बाद सरेंडर की भूमिका
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को अमित बघेल की मां का निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर पथरी गांव ले जाया गया है, जहाँ अंतिम संस्कार होगा।
बघेल अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जमानत हेतु आवेदन कर सकते हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की थी अग्रिम जमानत याचिका
उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका को सख्त टिप्पणी के साथ खारिज कर दिया था।
पुलिस सरेंडर की पुष्टि मिलते ही गिरफ्तारी व रिमांड प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी में है।




