
रायपुर । केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वर्ष 2025 के लिए “केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक” प्राप्त करने वाले उत्कृष्ट पुलिसकर्मियों की सूची जारी की है। इस वर्ष देशभर के विभिन्न राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों, केंद्रीय सशस्त्र अर्द्धसैनिक बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों के कुल 1466 अधिकारी-कर्मचारी इस सम्मान से नवाजे जाएंगे। इनमें छत्तीसगढ़ के 222 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं, जिन्होंने अपनी निष्ठा, कर्तव्यपरायणता और उत्कृष्ट कार्य के बल पर यह गौरव अर्जित किया है।
इस सूची में नक्सल उन्मूलन और आंतरिक सुरक्षा अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारी भी शामिल हैं। सम्मानित होने वालों में नक्सल ऑपरेशन के प्रमुख एवं एडीजी विवेकानंद सिन्हा, बस्तर रेंज आईजी सुंदरराज पी., रायपुर रेंज आईजी अमरेश मिश्रा, डीआईजी कमलोचन कश्यप, डीआईजी अमित कांबले समेत कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी — जीतेंद्र यादव, किरण चव्हाण, वाय अक्षय कुमार, गौरव राय, प्रभात कुमार, निखिल रखेचा, विकास कुमार, मयंक गुर्जर, स्मृतिक राजनला, राबिंसन गुरिया, जयंत कुमार वैष्णव और उमेश गुप्ता को भी इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया है।
इसके अतिरिक्त, 2 एएसपी, 11 डीएसपी सहित 225 थाना प्रभारी और जवान भी इस सूची में शामिल हैं। उनकी उत्कृष्ट सेवा, अनुशासन और जनता के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया जाएगा।
वहीं, इन्वेस्टिगेशन कैटेगरी में पूरे देश से 93 अधिकारियों का चयन हुआ है, जिनमें छत्तीसगढ़ पुलिस के तीन अधिकारी — एसआई मयंक मिश्रा, एसआई कैलाश चंद दास और इंस्पेक्टर नीतेश सिंह ठाकुर भी शामिल हैं। इन अधिकारियों को अपराध अनुसंधान के क्षेत्र में विशेष दक्षता के लिए सम्मानित किया जाएगा।
गौरतलब है कि इस पदक की घोषणा हर वर्ष 31 अक्टूबर, लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर की जाती है। इस वर्ष भी यह सम्मान देशभर के उन पुलिसकर्मियों को समर्पित किया गया है, जिन्होंने सुरक्षा, कानून व्यवस्था और जांच कार्यों में अपनी असाधारण दक्षता का प्रदर्शन किया है।












