
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के ग्राम नारायणपुर पहुंचे, जहाँ कुम्हार समाज द्वारा आयोजित श्री विष्णु महायज्ञ एवं चक्र पूजा कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने प्रदेशवासियों की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कुम्हार समुदाय के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ भी कीं।
ग्लेज़िंग यूनिट और मंगल भवन विस्तार के लिए 25 लाख रुपए की घोषणा
मुख्यमंत्री साय ने ग्राम गोरिया में माटी कला बोर्ड के माध्यम से कुम्हारों के लिए ग्लेज़िंग यूनिट स्थापित करने और कुम्हार समाज के मंगल भवन के विस्तार के लिए 25 लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा की।
100 कुम्हारों को इलेक्ट्रॉनिक चाक का वितरण
कार्यक्रम के दौरान सरगुजा संभाग के 100 कुम्हारों को इलेक्ट्रॉनिक चाक (इलेक्ट्रिक पॉटर्स व्हील) वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन आधुनिक उपकरणों से कारीगरों की मेहनत कम होगी, उत्पादन बढ़ेगा और उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार होगा। इससे उन्हें बाजार में बेहतर मूल्य मिलेगा और स्थिर आमदनी सुनिश्चित होगी।
कुम्हार समाज की सांस्कृतिक भूमिका को सराहा
मुख्यमंत्री ने चक्र पूजा को सृजन, परिश्रम और निरंतरता का प्रतीक बताते हुए कहा कि कुम्हार समाज छत्तीसगढ़ी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। आपके हाथों की कला हमारे त्योहारों और धार्मिक परंपराओं को जीवंत बनाती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार मिट्टी कला के संरक्षण और संवर्धन के लिए पूरी तरह समर्पित है।
प्रशिक्षण और मार्केटिंग सुविधाओं में विस्तार
मुख्यमंत्री ने बताया कि कारीगरों के लिए आधुनिक डिजाइन, तकनीक और उद्यमिता संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। साथ ही, सरकार द्वारा वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है ताकि कुम्हार अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकें। राज्य में मेलों, प्रदर्शनियों और ऑनलाइन माध्यमों के जरिए मिट्टी कला को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुँचाने की पहल भी जारी है।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, विधायक गोमती साय, रायमुनी भगत, पद्मश्री जागेश्वर यादव, माटी कला बोर्ड अध्यक्ष शंभूराम चक्रवर्ती सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।




