
पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, पोस्टर जलाकर निष्कासन की मांग
रायपुर। राजधानी रायपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने ही पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और उनका पोस्टर जलाकर निष्कासन की मांग उठाई। यह प्रदर्शन भगत सिंह चौक पर किया गया, जहां पूर्व कांग्रेसी पार्षदों सहित कई कार्यकर्ताओं ने कुलदीप जुनेजा पर गलत बयानबाजी और चुनाव में भितरघात (अंदरूनी गड़बड़ी) करने का आरोप लगाया।
क्या है पूरा मामला
नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस के टिकट वितरण और वोटिंग के ठीक बाद 18 कांग्रेसियों का निष्कासन रद्द करने के फैसले को लेकर पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा नाराज चल रहे थे। इसी संदर्भ में उन्होंने हाल ही में प्रदेश कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव की बात कही थी।
उन्होंने दावा किया कि वह अपनी बात हाईकमान तक पहुंचा चुके हैं और यदि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया तो राजीव भवन (कांग्रेस का प्रदेश मुख्यालय) जाना बंद कर देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो वह अपनी बात रखने के लिए दिल्ली भी जाएंगे।
कांग्रेस ने जारी किया नोटिस
कुलदीप जुनेजा के इस बयान को प्रदेश कांग्रेस ने अनुशासनहीनता माना और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्हें तीन दिन के भीतर जवाब देने को कहा गया है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश
इधर, कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार कुलदीप जुनेजा के पार्टी से निष्कासन की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पार्टी विरोधी बयानबाजी और गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।