
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आगमन से पहले रायगढ़ में कांग्रेस की तीखी प्रेस वार्ता
रायगढ़, 1 जुलाई 2025 — आगामी 7 जुलाई को रायपुर में होने जा रही कांग्रेस की “किसान, जवान और संविधान बचाओ” रैली को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इसी सिलसिले में मंगलवार को रायगढ़ स्थित कांग्रेस भवन में कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी जरीता लैतफलांग, पूर्व मंत्री व विधायक उमेश पटेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष नगेंद्र नेगी, शहर अध्यक्ष अनिल शुक्ला और अन्य नेताओं ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला।
पूर्व मंत्री उमेश पटेल ने कहा कि “भाजपा की सुशासन की बात अब सिर्फ जुमला बनकर रह गई है। पिछले डेढ़ साल में प्रदेश में आदिवासी, किसान और मजदूर वर्ग सबसे अधिक पीड़ित हुए हैं। किसानों को खाद और बीज के लिए भटकना पड़ रहा है।”
उन्होंने तमनार क्षेत्र में अडानी समूह द्वारा जंगलों की कटाई को लेकर कहा कि “फर्जी ग्राम सभाओं के सहारे जंगल उजाड़े जा रहे हैं, जो न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि आदिवासियों के अधिकारों पर सीधा हमला है। सरकार को तुरंत जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए और जंगलों की अवैध कटाई पर रोक लगानी चाहिए।”
उमेश पटेल ने शिक्षा विभाग पर भी निशाना साधते हुए कहा, “मुख्यमंत्री के पास शिक्षा विभाग है, लेकिन सरकार 50 हजार शिक्षकों के पद खत्म कर रही है। प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों की व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है। साथ ही आउटसोर्सिंग भर्ती के माध्यम से राज्य के युवाओं को ठगा जा रहा है।“
प्रदेश सह प्रभारी जरीता लैतफलांग ने कहा, “छत्तीसगढ़ धान का कटोरा है, लेकिन यहां के किसान आज सबसे ज्यादा त्रस्त हैं। भाजपा सरकार ने 10 हजार स्कूल बंद कर दिए लेकिन 1400 शराब दुकानें खोल दी हैं। यह किस दिशा में ले जाया जा रहा है प्रदेश को?“
उन्होंने बताया कि 7 जुलाई को रायपुर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की उपस्थिति में किसान, जवान और संविधान को लेकर विशाल रैली होगी, जिसमें प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ता और आम जनता भाग लेंगे।
प्रेस वार्ता में नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सलीम नियारिया, पूर्व विधायक प्रकाश नायक, अरुण गुप्ता, दीपक पांडेय, युवक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष जायसवाल, प्रवक्ता श्रीमती रिंकी पांडेय, विकास शर्मा, वसीम खान, दयाराम धुर्वे, बरखा सिंह, वीनू बेगम, समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
उक्त जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के प्रवक्ता दीपक मंडल ने साझा की।